15 अक्टूबर तक शॉर्ट कैंडिडेट शुल्क जमा नही किया तो बोर्ड परीक्षा में केंद्र होगा रद्द : डॉ राजेश शर्मा
धर्मशाला, 06 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने मार्च 2026 में आयोजित परीक्षाओं से संबंधित बकाया शॉर्ट कैंडिडेट शुल्क जमा करवाने के लिए संबंधित विद्यालयों एवं संस्थानों को अंतिम अवसर प्रदान किया है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि जिन विद्यालयों ने अभी तक निर्धारित शुल्क जमा नहीं करवाया है, वे 15 अक्टूबर, 2026 तक इसे जमा करवाना सुनिश्चित करें।
डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि बकाया शुल्क जमा करवाने के लिए ऑनलाइन सुविधा संबंधित विद्यालयों की स्कूल लॉगिन आईडी पर उपलब्ध करवाई गई है। विद्यालय अपने लॉगिन के माध्यम से देय शुल्क का विवरण प्राप्त कर निर्धारित अवधि के भीतर ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शुल्क केवल ऑनलाइन माध्यम से ही जमा किया जाएगा तथा किसी अन्य माध्यम से किया गया भुगतान बोर्ड द्वारा स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बोर्ड अध्यक्ष ने सभी संबंधित विद्यालयों को निर्देश दिए कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना निर्धारित समयावधि में शुल्क जमा करवाने की प्रक्रिया पूरी कर लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि में बकाया शुल्क जमा न करवाने वाले विद्यालयों को मार्च 2027 की परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्र के रूप में बनाए नहीं रखा जाएगा। इसलिए सभी संबंधित विद्यालय समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

