स्कूल शिक्षा बोर्ड के तौर पर डॉ. राजेश शर्मा के कार्यकाल का एक वर्ष पूरा
धर्मशाला, 07 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला के लिए आज का दिन दोहरी खुशी और ऐतिहासिक रहा। एक ओर जहां शैक्षणिक सत्र 2025-26 की बोर्ड परीक्षाओं और उनके परिणामों का सफलतापूर्वक व समयबद्ध संचालन संपन्न हुआ, वहीं दूसरी ओर बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने अपने पद पर एक सफल वर्ष भी पूरा कर लिया। इस दोहरी उपलब्धि के उपलक्ष्य में आज शिक्षा बोर्ड कार्यालय परिसर में ए कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों तक, पूरा बोर्ड परिवार जश्न के माहौल में नजर आया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा एक भावुक लेकिन प्रेरणादायक क्षण साझा करते हुए नजर आए। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए अत्यंत गौरव का विषय है कि जिस संस्था से उन्होंने कभी एक विद्यार्थी के रूप में अपनी शैक्षणिक यात्रा की शुरुआत की थी, आज उसी प्रतिष्ठित संस्था की सेवा करने और उसके सर्वोच्च पद (अध्यक्ष) का दायित्व निभाने का अवसर उन्हें मिला है। उन्होंने इस अहम जिम्मेदारी और अटूट विश्वास के लिए प्रदेश सरकार तथा पूरे शिक्षा बोर्ड परिवार के प्रति अपना गहरा आभार व्यक्त किया।
वर्ष 2025-26 की बोर्ड परीक्षाओं और परिणामों के पारदर्शी एवं सफल संचालन का पूरा श्रेय अपनी टीम को देते हुए डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया कि यह किसी एक व्यक्ति की सफलता नहीं, बल्कि पूरे शिक्षा बोर्ड परिवार के सामूहिक प्रयासों का शानदार नतीजा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

