बोर्ड परीक्षाएं : सीसीटीवी का पूरा ब्यौरा नहीं दिया तो परीक्षा केंद्रों के खिलाफ होगी कार्रवाई
धर्मशाला, 04 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने आगामी बोर्ड परीक्षाओं को नकलमुक्त, निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने के लिए परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी आधारित लाइव मॉनिटरिंग व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। बोर्ड ने प्रदेश के सभी परीक्षा केंद्रों को अंतिम रिमाइंडर जारी करते हुए 5 सितंबर, 2026 तक सीसीटीवी कैमरों एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का पूरा ब्यौरा ऑनलाइन गूगल फॉर्म के माध्यम से उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कोई भी परीक्षा केंद्र निर्धारित समय-सीमा की अनदेखी न करे। प्रत्येक केंद्र को सीसीटीवी कैमरों की संख्या, स्थिति एवं एंगल, परीक्षा कक्ष की कवरेज तथा बैठक व्यवस्था सहित मांगी गई जानकारी निर्धारित गूगल फॉर्म में उपलब्ध करवानी होगी।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि कैमरे केवल औपचारिकता के लिए नहीं लगाए जाएं। कैमरों का एंगल इस प्रकार होना चाहिए कि पूरा परीक्षा कक्ष और परीक्षार्थियों की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दें। बैठक व्यवस्था भी बोर्ड के निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए तथा परीक्षार्थियों के बीच आवश्यक दूरी एवं परीक्षा कक्ष में अनुशासन सुनिश्चित करना अनिवार्य होगा।
लापरवाही पर केंद्र और स्टाफ दोनों की जवाबदेही
एसओएस सहित सभी परीक्षा केंद्रों, पर्यवेक्षकों एवं परीक्षा ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। सीसीटीवी व्यवस्था, बैठक व्यवस्था अथवा निर्धारित सूचना उपलब्ध करवाने में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित परीक्षा केंद्र के विरुद्ध नियमानुसार सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और विद्यार्थियों के भविष्य से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

