निजी स्कूलों की संबद्धता के लिए स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जारी किया नया कैलेंडर
धर्मशाला, 27 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए निजी शिक्षण संस्थानों की नई संबद्धता, अपग्रेडेशन एवं नवीनीकरण की प्रक्रिया का नया कैलेंडर जारी कर दिया है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि संबद्धता के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 अक्टूबर, 2026 से शुरू होगी और 31 अक्टूबर, 2026 तक चलेगी। संबंधित संस्थानों को निर्धारित अवधि में ऑनलाइन आवेदन के साथ सभी आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे तथा निर्धारित शुल्क का भुगतान भी ऑनलाइन माध्यम से करना होगा।
उन्होंने बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद बोर्ड द्वारा 30 नवंबर, 2026 तक संबंधित संस्थानों का निरीक्षण पूरा किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान यदि किसी संस्था के दस्तावेजों अथवा अन्य आवश्यकताओं में कोई कमी पाई जाती है, तो इसकी सूचना 15 दिसंबर, 2026 तक संबंधित संस्था को दी जाएगी। संस्थानों को निर्धारित कमियों को दूर करने के लिए 30 दिसंबर, 2026 तक का समय प्रदान किया जाएगा।
डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि संबद्धता प्रक्रिया को पूरी तरह समयबद्ध, पारदर्शी और नियमों के अनुरूप पूरा किया जाएगा। आपत्तियों एवं कमियों के निवारण के उपरांत संबद्धता संबंधी अंतिम निर्णय 31 जनवरी, 2027 तक लिया जाएगा और इसके बाद संबंधित स्कूलों को संबद्धता के संबंध में अवगत करवाया जाएगा।
बोर्ड अध्यक्ष ने निजी शिक्षण संस्थानों से आग्रह किया कि वे आवेदन करने से पूर्व बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध संबद्धता संबंधी नियमों, शर्तों एवं आवश्यक दस्तावेजों का बारीकी से अध्ययन कर लें और निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

