home page

धर्मपुर के विद्यार्थियों को बड़ी सौगात, शिक्षा मंत्री ने किया पुस्तक वितरण एवं मार्गदर्शन केंद्र का शुभारंभ

 | 
धर्मपुर के विद्यार्थियों को बड़ी सौगात, शिक्षा मंत्री ने किया पुस्तक वितरण एवं मार्गदर्शन केंद्र का शुभारंभ


धर्मशाला, 19 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अब पाठ्यपुस्तकों और शैक्षणिक मार्गदर्शन के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। शिक्षा को हर द्वार तक सुलभ बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने सोमवार को मंडी जिला के धर्मपुर में हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के नए 'पुस्तक वितरण एवं मार्गदर्शन केंद्र' का शुभारंभ किया। इस अहम पहल से धर्मपुर और इसके आसपास के हजारों विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को सीधा लाभ मिलेगा। उद्घाटन समारोह के अवसर पर शिक्षा मंत्री के साथ धर्मपुर के स्थानीय विधायक चंद्रशेखर विशेष रूप से मौजूद रहे। इसके अलावा, शिक्षा बोर्ड के सचिव अंकुश शर्मा, शिक्षा बोर्ड कर्मचारी संघ के प्रधान सुनील शर्मा सहित बोर्ड के कई अन्य गणमान्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि इस केंद्र के शुरू होने से स्थानीय लोगों को एक बड़ी राहत मिली है। अब विद्यार्थियों और अभिभावकों को बोर्ड की पाठ्यपुस्तकें खरीदने के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, जिससे उनके कीमती समय के साथ-साथ यात्रा पर होने वाले खर्च की भी भारी बचत होगी। इसके अतिरिक्त, इस केंद्र के माध्यम से छात्रों और शिक्षकों को बोर्ड की नवीनतम शैक्षणिक गतिविधियों, परीक्षा प्रणाली और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों पर भी निरंतर मार्गदर्शन मिलता रहेगा।

डॉ. शर्मा ने कहा कि बोर्ड का मुख्य विजन यही है कि प्रदेश के हर विद्यार्थी को उसके घर के नजदीक आवश्यक शैक्षणिक सामग्री और सही मार्गदर्शन उपलब्ध करवाया जाए, ताकि बिना किसी बाधा के उनकी पढ़ाई सुचारू रूप से जारी रह सके और वे बेहतर भविष्य की ओर कदम बढ़ा सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया