home page

भूकम्प प्रभावित परिवारों की हर संभव सहायता करेगी सरकार : केवल सिंह पठानिया

 | 
भूकम्प प्रभावित परिवारों की हर संभव सहायता करेगी सरकार : केवल सिंह पठानिया


धर्मशाला, 07 जून (हि.स.)। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के भूकम्प प्रभावित गांवों भौंठु, रावा, खड़ी बही, करेरी तथा नौरा का दौरा कर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और हुए नुकसान का जायजा लिया। इस दौरे के दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों के घरों में जाकर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

उल्लेखनीय है कि गत 5 जून की रात्रि आए भूकम्प के कारण क्षेत्र के लगभग 50 से 60 परिवार प्रभावित हुए हैं। भूकम्प से सर्वाधिक नुकसान कच्चे मकानों को पहुंचा है।

केवल सिंह पठानिया ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रभावित घरों का शीघ्र सर्वेक्षण कर नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाए तथा रिपोर्ट तुरंत सरकार को प्रेषित की जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द राहत एवं उचित मुआवजा उपलब्ध करवाया जा सके।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भूकम्प प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और किसी भी प्रभावित परिवार को परेशानी में नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रत्येक नागरिक उनके परिवार का हिस्सा है तथा इस कठिन समय में वे स्वयं प्रभावित लोगों के साथ खड़े रहकर उनकी हर संभव सहायता सुनिश्चित करेंगे।

उपमुख्य सचेतक ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल, विद्युत तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की अतिरिक्त परेशानी का सामना न करना पड़े।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया