home page

प्रदेश विश्वविद्यालयों में शिक्षकों की भर्ती के लिए टेस्ट प्रक्रिया लागू करना ऐतिहासिक कदम : केवल सिंह पठानिया

 | 
प्रदेश विश्वविद्यालयों में शिक्षकों की भर्ती के लिए टेस्ट प्रक्रिया लागू करना ऐतिहासिक कदम : केवल सिंह पठानिया


धर्मशाला, 04 सितंबर (हि.स.)। उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के इतिहास में पहली बार प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में शिक्षकों की भर्ती के लिए टेस्ट आधारित चयन प्रक्रिया लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उन्होंने इस पहल के लिए प्रदेश के सभी युवाओं को बधाई देते हुए इसे युवाओं के हित में एक ऐतिहासिक और स्वागत योग्य कदम बताया। कांगड़ा एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए केवल सिंह पठानिया ने कहा कि लंबे समय से प्रदेश के युवा भर्ती प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता और समान अवसर की अपेक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय सहित प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों में लेक्चरर तथा असिस्टेंट प्रोफेसर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भर्ती प्रक्रिया में अब टेस्ट आधारित चयन को प्राथमिकता दिए जाने से योग्य एवं प्रतिभावान युवाओं को अपनी योग्यता साबित करने का बेहतर अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि टेस्ट आधारित चयन प्रक्रिया से भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी तथा युवाओं में यह विश्वास मजबूत होगा कि सरकारी एवं विश्वविद्यालयों से संबंधित महत्वपूर्ण पदों पर चयन योग्यता और निर्धारित प्रक्रिया के आधार पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े और उन्हें अपने ही प्रदेश में बेहतर अवसर उपलब्ध हों, इसके लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

उप मुख्य सचेतक ने कहा कि वे दिल्ली में संगठनात्मक बैठक में शामिल होने गए थे। बैठक में संगठन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय के साथ जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के लोगों से जुड़े विकास कार्यों को गति देना तथा जनहित में लिए गए निर्णयों का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया