home page

उपमुख्य सचेतक ने शाहपुर अस्पताल में अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन का किया

 | 
उपमुख्य सचेतक ने शाहपुर अस्पताल में अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन का किया


धर्मशाला, 02 जून (हि.स.)। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने मंगलवार को नागरिक अस्पताल शाहपुर में लगभग 28 लाख रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस नई सुविधा के शुरू होने से शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ ज्वाली विधानसभा क्षेत्र तथा चंबा जिले के भटियात क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि पिछले कई वर्षों से अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध न होने के कारण विशेष रूप से गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को जांच के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज का रुख करना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ती थी। अब यह सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

केवल सिंह पठानिया ने इस महत्वपूर्ण सुविधा के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने क्षेत्र की आवश्यकता को समझते हुए जनता को यह बहुप्रतीक्षित स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाई है।

उन्होंने बताया कि लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हो रहा नागरिक अस्पताल शाहपुर का नया भवन लगभग तैयार हो चुका है और इसे शीघ्र ही जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक करोल ने जिला में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी तथा अस्पताल आगमन के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर सतलुज विद्युत निगम लिमिटेड के एचआर विभाग के प्रमुख शैलेश दत्त विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के उपरांत विधायक ने निर्माणाधीन शाहपुर अस्पताल भवन, पॉली क्लीनिक शाहपुर तथा शहीद स्मारक का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया