home page

खेल प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध करवाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता : केवल सिंह पठानिया

 | 
खेल प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध करवाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता : केवल सिंह पठानिया


धर्मशाला, 06 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। खेल प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान कर उनकी प्रतिभा को निखारना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता यह बात उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने रविवार को पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हारचक्कियां में आयोजित तीन दिवसीय अंडर-19 छात्रा जोनल स्तरीय खेल प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि कही।

उन्होंने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया तथा विभिन्न विद्यालयों से आईं खिलाड़ी छात्राओं से परिचय प्राप्त कर उन्हें खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता में 17 विद्यालयों की लगभग 150 छात्राएं विभिन्न खेल प्रतिस्पर्धाओं में भाग ले रही हैं।

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास करते हैं।

उन्होंने कहा कि एशियाई खेलों तथा पैरा एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि 50 लाख रुपये से बढ़ाकर 4 करोड़ रुपये, रजत पदक विजेताओं की 30 लाख से बढ़ाकर 2.50 करोड़ रुपये तथा कांस्य पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि 20 लाख से बढ़ाकर 1.50 करोड़ रुपये की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया