home page

उपमुख्य सचेतक ने शाहपुर में 2 करोड़ रुपये से स्थापित 500 किलोवाट सौर ऊर्जा संयंत्र का किया लोकार्पण

 | 
उपमुख्य सचेतक ने शाहपुर में 2 करोड़ रुपये से स्थापित 500 किलोवाट सौर ऊर्जा संयंत्र का किया लोकार्पण


धर्मशाला, 12 नवंबर (हि.स.)। ग्रामीण क्षेत्रों को आत्मनिर्भर बनाने, स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देने और विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में प्रदेश सरकार निरंतर कार्य कर रही है। ग्रीन पंचायत योजना इसी सोच का महत्वपूर्ण उदाहरण है, जिसके माध्यम से सौर ऊर्जा उत्पादन के साथ-साथ पंचायतों को आय के स्थायी स्रोत उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। यह बात उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की गुब्बर पंचायत के परगोड़ में 500 किलोवाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र का लोकार्पण करने के उपरांत कही।

उन्होंने बताया कि लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित यह सौर ऊर्जा संयंत्र जिला का पहला ट्रिपल-पी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर आधारित संयंत्र है। यह परियोजना न केवल स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देगी, बल्कि स्थानीय पंचायत की आर्थिक आत्मनिर्भरता को भी मजबूत करेगी। इससे क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने और बिजली कटौती की समस्या से राहत दिलाने में भी मदद मिलेगी।

पठानिया ने कहा कि ग्रीन पंचायत योजना की सबसे बड़ी विशेषता इसका राजस्व साझाकरण मॉडल है। इसके तहत परियोजना से प्राप्त कुल राजस्व का 20 प्रतिशत हिमाचल प्रदेश सरकार को तथा 30 प्रतिशत हिमऊर्ज को परियोजना के संचालन, रखरखाव एवं प्रबंधन के लिए निर्धारित किया गया है। शेष 50 प्रतिशत राजस्व स्थानीय सामाजिक एवं सामुदायिक विकास पर खर्च होगा।

उन्होंने बताया कि स्थानीय विकास के लिए निर्धारित 50 प्रतिशत राशि में से 25 प्रतिशत संबंधित ग्राम पंचायत के विकास कार्यों पर खर्च की जाएगी, जबकि शेष 25 प्रतिशत राशि उसी पंचायत के अनाथ बच्चों एवं विधवा महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए निर्धारित की गई है।

इस अवसर पर विधायक ने लगभग 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित खेल मैदान का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि चंगर क्षेत्र के लिए यह मैदान एक महत्वपूर्ण सौगात है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया