उपमुख्य सचेतक ने 4.80 करोड़ से बनी मकरोटी-भैरों सड़क का किया लोकार्पण
धर्मशाला, 06 अप्रैल (हि.स.)। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने रविवार को मकरोटी और कुठमां क्षेत्र में करोड़ों रुपये की जनहितकारी परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने 4.80 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मकरोटी-भैरों सड़क एवं पुल तथा 36 लाख रुपये की लागत से निर्मित उठाऊ पेयजल योजना बेंटलू-कुठमां के अंतर्गत नलकूप को जनता को समर्पित किया।
मकरोटी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मकरोटी-भैरों सड़क एवं पुल के निर्माण से क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों के लगभग 10 हजार लोगों को बेहतर और सुगम यातायात सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि यह सड़क लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख मांग रही थी और अब इसके बनने से न केवल लोगों का आवागमन आसान होगा, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि इस सड़क पर शीघ्र ही बस सेवा शुरू की जाएगी, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सीमित संसाधनों के बावजूद जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दे रही है।
उन्होंने सड़क निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है।
इसके उपरांत कुठमां में 36 लाख रुपये की लागत से निर्मित नलकूप का लोकार्पण करते हुए केवल सिंह पठानिया ने कहा कि इसके शुरू होने से कुठमां, भैड़ी, नगोल और वैदी गांवों के लगभग 1000 लोगों को अब निर्बाध पेयजल सुविधा प्राप्त होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

