मुख्यमंत्री की लोकप्रियता देख बौखला गए हैं विरोधी : पठानिया
धर्मशाला, 07 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल के आर्थिक संसाधनों को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सरकार के मजबूत निर्णयों के समर्थन में शाहपुर के लंज में शुक्रवार को उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया की अगुवाई में धन्यवाद रैली आयोजित की गई। यह रैली लंज से रेस्ट हाउस तक निकाली गई। इस अवसर पर उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को हिमाचली हितों के रक्षा करने वाले मुख्यमंत्री के रूप में हमेशा याद किया जाएगा, उनकी नीतियों और मजबूत निर्णयों के लिए कारण हिमाचल अपने हकों के लिए मजबूती से आवाज उठा पाया है। यही बजह है कि उनकी लोकप्रियता देखकर विरोधी भी बौखला गए हैं।
उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि किशाऊ जलविद्युत परियोजना हिमाचल सरकार ने अपनी मजबूत कानूनी पैरवी से दिल्ली, राजस्थान और हरियाणा जैसे लाभार्थी राज्यों को पानी के घटक की 2000 करोड़ की लागत वहन करने पर सहमत किया है। इससे हिमाचल को अपने हिस्से के रूप में सालाना लगभग छह सौ करोड़ मूल्य की बिजली मुफ्त मिलेगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने नीति आयोग और केंद्र सरकार के समक्ष मजबूती से पक्ष रखा है कि हिमाचल प्रदेश देश को सालाना लगभग 90 हजार करोड़ की पर्यावरणीय सेवाएं प्रदान करता है। इसके बदले में राज्य को उचित आर्थिक मुआवजा मिलना चाहिए ताकि संसाधनों की कमी दूर हो सके। उन्होंने कहा कि हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार कृत संकल्प है तथा मुख्यमंत्री के साथ हिमाचल की जनता चट्टान की तरह खड़ी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

