विधायक केवल सिंह पठानिया ने सुनीं जनसमस्याएं
धर्मशाला, 15 मार्च (हि.स.)।
शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने रविवार को ग्राम पंचायत सुधेड़ के वार्ड नंबर 4 (डुगला) में लगभग 2.50 लाख रुपये की लागत से स्थापित विद्युत संचालित हैंडपंप का उद्घाटन कर इसे स्थानीय जनता को समर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस हैंडपंप के शुरू होने से पंचायत के वार्ड नंबर 4 और 5 के करीब 300 लोगों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा और उन्हें अब बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना है। उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, जल और शिक्षा जैसी आधारभूत सुविधाएं हर व्यक्ति तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में करोड़ों रुपये की लागत से विकास कार्य स्वीकृत और पूर्ण किए जा रहे हैं। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार जनता की मांगों के प्रति संवेदनशील है और क्षेत्र के विकास को नई गति दी जा रही है।
इससे पहले विधायक ने इसी पंचायत के शिवनगर में आयोजित जनसमस्या निवारण कार्यक्रम में भाग लिया और स्थानीय लोगों से रू-ब-रू होकर उनकी समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने बिजली, पानी, सड़क, सिंचाई तथा अन्य विकास कार्यों से जुड़ी लगभग 130 समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं।
विधायक ने मौके पर मौजूद विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान करवाया, जबकि अन्य समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
विधायक ने कहा कि जनसमस्या निवारण शिविरों का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं को उनके गांव के नजदीक ही सुनकर त्वरित समाधान करना है। इससे आम लोगों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और प्रशासन व जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

