मुख्यमंत्री के खिलाफ बयानबाजी राजनीति का गिरता स्तर : केवल पठानिया
धर्मशाला, 08 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के खिलाफ विधायक सुधीर शर्मा और अन्य भाजपा नेताओं द्वारा की गई बयानबाजी पर कांग्रेस की ओर से कड़ा पलटवार किया गया है। सरकार में उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने इन टिप्पणियों को राजनीति के गिरते स्तर का प्रतीक और 'हिमाचल विरोधी' करार दिया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री किसी एक दल या व्यक्ति के नहीं, बल्कि प्रदेश के 75 लाख लोगों की आवाज हैं। ऐसे में उनके खिलाफ की गई कोई भी अभद्र टिप्पणी सीधे तौर पर प्रदेश की जनता का अपमान है, जिसे हिमाचल के जागरूक और बेबाक लोग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे। शनिवार को धर्मशाला में एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए केवल सिंह पठानिया ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में नेताओं को बोलने से पहले अपने शब्दों के प्रभाव पर विचार करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में कौन क्या बनेगा, इसका फैसला जनता करती है, न कि किसी की निजी और संस्कारहीन टिप्पणियां। उन्होंने कहा कि आठ कार्यालयों की सौगात देने वाले मुख्यमंत्री पर इस तरह की ओछी बयानबाजी केवल भाजपा की बौखलाहट को दर्शाती है।
पठानिया ने दावा किया कि कांगड़ा की जनता विकास की गाथा को देख रही है और मुख्यमंत्री सुक्खू के साथ मजबूती से खड़ी है। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि क्षेत्र में सड़कों की हालत बेहद खराब है। जनता की इस परेशानी को देखते हुए वह इस महत्वपूर्ण मुद्दे को आगामी विधानसभा सत्र में पूरी प्रमुखता के साथ उठाएंगे ताकि सड़कों की दशा सुधारी जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

