home page

लम्पी वायरस : पशुपालक के घर डॉक्टरों को लेकर पहुंचे केवल सिंह पठानिया

 | 
लम्पी वायरस : पशुपालक के घर डॉक्टरों को लेकर पहुंचे केवल सिंह पठानिया


धर्मशाला, 13 सितंबर (हि.स.)। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया रविवार को रैत में एक पशुपालक के घर पहुंच गए। उन्हें जानकारी मिली थी कि एक गाय में लम्पी वायरस जैसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं। पठानिया ने तत्काल पशुपालन विभाग के चिकित्सकों को बुलाया और स्वयं उनके साथ पशुपालक के घर पहुंचकर गाय की जांच करवाई।

पशु चिकित्सकों ने जांच के बाद बताया कि गाय अस्वस्थ जरूर है, लेकिन उसमें लम्पी वायरस के लक्षण नहीं हैं। इसके बाद पठानिया ने पशुपालन विभाग के अधिकारियों एवं चिकित्सकों के साथ बैठक कर क्षेत्र में बीमारी की स्थिति और बचाव के उपायों की समीक्षा की। उन्होंने इस संबंध में पशुपालन मंत्री से भी फोन पर बातचीत की।

पठानिया ने बताया कि लम्पी वायरस से बचाव के लिए शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में अब तक 8,175 पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है। इनमें दरीणी में 1,500, शाहपुर पॉलीक्लीनिक के तहत 270, रजोल पशु चिकित्सालय के तहत 3,084 तथा चढ़ी पशु चिकित्सालय के अंतर्गत 3,321 पशु शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि चढ़ी पशु चिकित्सालय के अंतर्गत डढम्ब पंचायत में लम्पी वायरस से प्रभावित 8 पशुओं का उपचार किया गया है और अब सभी स्वस्थ हैं।

पठानिया ने पशुपालकों से अपील की कि यदि किसी पशु में बीमारी के लक्षण दिखाई दें तो उसे छिपाने के बजाय तुरंत पशुपालन विभाग को इसकी जानकारी दें, ताकि समय रहते उपचार और बचाव के प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

उन्होंने बताया कि पशुपालन मंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया है कि जिले में लम्पी वायरस से बचाव के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि पशुपालकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार पशुपालकों सहित हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया