home page

मां बगलामुखी जयंती पर कोटला मंदिर में नतमस्तक हुए केवल सिंह पठानिया

 | 
मां बगलामुखी जयंती पर कोटला मंदिर में नतमस्तक हुए केवल सिंह पठानिया


धर्मशाला, 24 अप्रैल (हि.स.)। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने शुक्रवार को कोटला स्थित प्राचीन बगलामुखी मंदिर में बगलामुखी जयंती के पावन अवसर पर मां के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली के लिए विशेष प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि मां बगलामुखी की आराधना से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा समाज में शांति, सद्भाव और एकता को बल मिलता है।

उन्होंने कामना की कि माता की कृपा से हिमाचल प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर रहे और प्रदेश में समृद्धि का वातावरण बना रहे।

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं हमारी आस्था का मूल आधार हैं और ऐसे पावन अवसर समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य करते हैं।

उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति और परंपराएं ही हमें आपसी भाईचारे, सहयोग और सद्भाव का संदेश देती हैं, जिन्हें हमें सहेजकर आगे बढ़ाना चाहिए।

इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं से भी मुलाकात की और सभी को बगलामुखी जयंती की शुभकामनाएं दीं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया