home page

गगल एयरपोर्ट प्रभावित परिवारों को 1950 करोड़ की मुआवजा राशि वितरित : केवल सिंह पठानिया

 | 
गगल एयरपोर्ट प्रभावित परिवारों को 1950 करोड़ की मुआवजा राशि वितरित : केवल सिंह पठानिया


धर्मशाला, 22 फ़रवरी (हि.स.)। गगल एयरपोर्ट के तहत आने वाले प्रभावित परिवारों को अब तक लगभग 1950 करोड़ रुपये की भू-अधिग्रहण राशि वितरित की जा चुकी है। यह जानकारी शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने दी। वे आज शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कुठमां में स्वर्गीय गजय राणा की स्मृति में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन अवसर पर बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे।

उन्होंने बताया कि लगभग 4 हजार लोगों को यह राशि प्रदान की जा चुकी है और जिन लोगों ने आवेदन किया था, उन्हें अब तक मुआवजा दे दिया गया है। उन्होंने बताया कि कांगड़ा हवाई अड्डे के पास एक एयरोसिटी बनाने का लक्ष्य भी राज्य सरकार ने रखा है जिसके लिए भूमि चिह्नित की गई है।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भारी बरसात के कारण गगल एयरपोर्ट की चारदीवारी के समीप नुकसान हुआ था। लगातार पानी के रिसाव के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग भी कई बार अवरुद्ध होता रहा। इस विषय को मुख्यमंत्री के ध्यान में लाया गया है और आशा है कि उनके निर्देशानुसार आगामी बरसात से पूर्व आवश्यक मरम्मत कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया