शाहपुर विधानसभा में सिंचाई कूहलों के निर्माण पर 21 करोड़ के कार्य प्रगति पर : केवल सिंह पठानिया
धर्मशाला, 30 अक्टूबर (हि.स.)। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से जाइका के तहत लगभग 8 करोड़ रुपये के विभिन्न कार्य प्रगति पर हैं। इसके अतिरिक्त जलशक्ति विभाग द्वारा लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न कूहलों का निर्माण एवं सुधार कार्य करवाया जा रहा है। यह जानकारी शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने शुक्रवार को कल्याडा में अम्बोटी कूहल के लिए 18.77 लाख रुपये की लागत से बनने वाले खेत संपर्क मार्ग के कार्य का भूमि पूजन करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए दी।
उन्होंने बताया कि कल्याडा में 1.26 करोड़ रुपये की लागत से अम्बोटी कूहल का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसका लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। धान की फसल के कारण निर्माण कार्य में कुछ विलंब हुआ था, लेकिन अब फसल कटाई का कार्य पूरा होने के बाद इसे शीघ्र पूरा किया जाएगा।
पठानिया ने कहा कि 18.77 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस खेत संपर्क मार्ग का मुख्य उद्देश्य किसानों के खेतों तक वाहन पहुंचाना है, ताकि किसान अपनी फसलों को आसानी से खेतों से घर और मंडियों तक पहुंचा सकें। इससे कृषि कार्यों में सुविधा मिलेगी और किसानों का समय एवं मेहनत भी बचेगी। उन्होंने बताया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कल्याडा में भी लगभग 70 लाख रुपये व्यय किए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

