home page

उपमुख्य सचेतक ने दो संपर्क सड़कों का किया शिलान्यास, 450 लोगों को मिलेगा लाभ

 | 
उपमुख्य सचेतक ने दो संपर्क सड़कों का किया शिलान्यास, 450 लोगों को मिलेगा लाभ


धर्मशाला, 07 अप्रैल (हि.स.)। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने मंगलवार को विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत सुधेड़ के वार्ड नंबर-1 में विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इस दौरान लगभग 36 लाख रुपये की लागत से बनने वाली संपर्क सड़कों के निर्माण कार्यों की शुरुआत की गई।

विधायक ने मुख्य संपर्क मार्ग से धार गांव तक लगभग 33 लाख रुपये की लागत से बनने वाली 455 मीटर लंबी सड़क का शिलान्यास किया। इसके अतिरिक्त गोल डंगा वाराकोठा से भुनटेगंज गांव तक करीब 3 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़क निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया। इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के लगभग 450 लोगों को सीधा लाभ मिलेगा तथा आवागमन की सुविधा में सुधार होगा।

इस अवसर पर विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सड़कें विकास की रीढ़ होती हैं और इनके सुदृढ़ होने से आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों को गति मिलती है।

कार्यक्रम के दौरान विधायक धार गांव में स्थानीय लोगों से रूबरू हुए तथा उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।

इससे पूर्व विधायक ने ग्राम पंचायत भतल्ला के अंतर्गत तोता रानी (वार्ड नंबर-5) में भी लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। क्षेत्रवासियों ने बिजली, पानी, सड़क, सिंचाई सहित विभिन्न विकास कार्यों से जुड़ी समस्याएं उनके समक्ष रखीं, जिनमें से कई का समाधान मौके पर ही किया गया।

इसके उपरांत विधायक ग्राम पंचायत कजलोट के वार्ड नंबर-5 में आयोजित धन्यवाद समारोह में भी शामिल हुए, जहां स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में करवाए जा रहे विकास कार्यों के लिए उनका आभार व्यक्त किया। विधायक ने यहां भी लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया