शाहपुर में जलशक्ति विभाग के 100 करोड़ के कार्य प्रगति पर : केवल सिंह पठानिया
धर्मशाला, 16 अप्रैल (हि.स.)।कांगड़ा जिला के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में जलशक्ति विभाग द्वारा लगभग 100 करोड़ रुपये की विभिन्न पेयजल एवं आधारभूत ढांचा विकास योजनाएं प्रगति पर हैं। यह जानकारी शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने वीरवार को रक्कड़ का बाग पंचायत के वार्ड नंबर 1, 3 और 5 में विद्युत संचालित हैंडपंपों के लोकार्पण के अवसर पर दी।
उन्होंने बताया कि करीब 9 लाख रुपये की लागत से स्थापित इन तीन हैंडपंपों से लगभग 100 परिवारों के 500 लोगों को शुद्ध एवं निर्बाध पेयजल सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे क्षेत्र की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान होगा।
केवल सिंह पठानिया ने यह भी आश्वासन दिया कि पंचायत में अधूरे रास्तों के निर्माण कार्य को जल्द पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर उन्होंने लोगों की समस्याओं को भी सुना और अधिकांश का मौके पर निपटारा करते हुए शेष को त्वरित करवाई हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित किया।
इस अवसर पर पंचायत में पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। पूर्व पंचायत उपप्रधान सुरेंद्र जमवाल ने पंचायत में हुए विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि विधायक के सहयोग से पंचायत में लगभग एक करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

