home page

व्यवसायिक ओपेरेटर्स की समस्याओं के समाधान को सरकार प्रतिबद्ध : केवल सिंह पठानिया

 | 
व्यवसायिक ओपेरेटर्स की समस्याओं के समाधान को सरकार प्रतिबद्ध : केवल सिंह पठानिया


धर्मशाला, 25 अप्रैल (हि.स.)। उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने शनिवार को फाॅरेस्ट रेस्ट हाउस, कजलोट (धर्मशाला) में टैक्सी, टिप्पर, ट्रक एवं ऑटो यूनियन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खु टैक्सी, बस, ट्रक एवं ऑटो आपरेटर्स की समस्याओं के प्रति गंभीर हैं और शीघ्र ही उनका समाधान किया जाएगा।

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि ट्रांसपोर्ट सेक्टर से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों तथा यूनियन पदाधिकारियों के साथ जल्द ही विस्तृत बातचीत कर सुनियोजित ढंग से आगे बढ़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि एटीएस के साथ-साथ अन्य लंबित समस्याओं के समाधान के लिए भी उचित और व्यवहारिक प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार परिवहन क्षेत्र से जुड़े हितधारकों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। 15 वर्ष के परमिट, जीपीएस संबंधी समस्याओं तथा धर्मकोट व अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में ट्रांसपोर्टरों को आ रही दिक्कतों के दृष्टिगत सकारात्मक विचार-विमर्श किया जा रहा है।

उप मुख्य सचेतक ने बताया कि सरकार परिवहन यूनियनों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह कृतसंकल्प है और किसी भी स्तर पर उनके हित प्रभावित नहीं होने दिए जाएंगे। उप मुख्य सचेतक ने कहा कि भारत सरकार द्वारा वाहनों की फिटनेस जांच के लिए एटीएस व्यवस्था अनिवार्य किए जाने से प्रदेश में कई व्यावहारिक दिक्कतें सामने आई हैं। इन समस्याओं को देखते हुए राज्य सरकार आपरेटर्स के हितों की रक्षा के लिए समुचित कदम उठाएगी।

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि सरकार संवाद और समन्वय के माध्यम से सभी समस्याओं का चरणबद्ध समाधान सुनिश्चित करेगी, ताकि परिवहन क्षेत्र से जुड़े हजारों लोगों को राहत मिल सके।

इस अवसर पर आरटीओ विकास जम्बाल, कांगड़ा जिला की विभिन्न ओपेरेटर्स यूनियनों के पदाधिकारी तथा अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया