home page

विज्ञान केवल प्रयोगशाला और किताबों तक सीमित नहीं : केवल सिंह पठानिया

 | 
विज्ञान केवल प्रयोगशाला और किताबों तक सीमित नहीं : केवल सिंह पठानिया


धर्मशाला, 18 सितंबर (हि.स.)। राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शाहपुर में आयोजित की जा रही दो दिवसीय 33वें उपमंडल स्तरीय चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस का शुभारंभ शुक्रवार को शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने किया।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने नन्हे वैज्ञानिकों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न विज्ञान मॉडलों का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों से संवाद कर उनके प्रयोगों एवं मॉडलों के बारे में जानकारी ली। प्रतियोगिता में शाहपुर उपमंडल के 52 मिडल, दसवीं एवं जमा दो स्तर के विद्यालयों के विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि विज्ञान केवल प्रयोगशाला और किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारे घर, विद्यालय, खेत, जंगल, नदियों और पूरे प्राकृतिक वातावरण में मौजूद है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश जैसे प्राकृतिक रूप से समृद्ध राज्य में जैव विविधता, जल संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, कचरा प्रबंधन और सतत विकास जैसे अनेक विषयों पर सीखने और शोध करने के व्यापक अवसर हैं।

उन्होंने कहा कि बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। शिक्षक केवल ज्ञान देने वाले नहीं, बल्कि बच्चों को दिशा देने वाले मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत भी हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि आज का विद्यार्थी ही कल का वैज्ञानिक, इंजीनियर, शिक्षक, डॉक्टर, शोधकर्ता और राष्ट्र निर्माता बनेगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की छोटी-सी खोज भी समाज में बड़ा परिवर्तन ला सकती है।

उन्होंने अध्यापकों से विद्यार्थियों को नवीं और दसवीं कक्षा से ही करियर संबंधी मार्गदर्शन देने का आग्रह किया, ताकि उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए विषयों के चयन में सुविधा मिले और वे अपने लक्ष्य की ओर बेहतर ढंग से आगे बढ़ सकें। उन्होंने चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।

बच्चों ने प्रस्तुत किया सांस्कृतिक

कार्यक्रम

इस अवसर पर स्कूली विद्यार्थियों ने शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम में एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, एटीसी प्रभारी एवं वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. सुनंदा पठानिया सहित प्रवक्ता एवं अध्यापक वर्ग, बच्चों के अभिभावक,स्कूली विद्यार्थी और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया