home page

किसानों को अपने नजदीक ही मिलेंगे गुणवत्तापूर्ण कृषि इनपुट्स : केवल सिंह पठानिया

 | 
किसानों को अपने नजदीक ही मिलेंगे गुणवत्तापूर्ण कृषि इनपुट्स : केवल सिंह पठानिया


धर्मशाला, 21 सितंबर (हि.स.)। उपयुक्त प्रौद्योगिकी संस्थान (एटीसी) शाहपुर में रविवार को कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा) द्वारा कृषि आदान व्यवसायियों हेतु एक वर्षीय डिप्लोमा प्रशिक्षण का शुभारंभ शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने किया।

इस अवसर पर विधायक ने कहा कि यह पहल क्षेत्र के किसानों और बागवानों के लिए वरदान साबित होगी। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद प्रशिक्षुओं को आत्मा द्वारा लाइसेंस प्रदान किया जाएगा, जिससे वे फर्टिलाइज़र एवं फसलों से संबंधित दवाइयों की बिक्री कर सकेंगे। इससे किसानों को अपने क्षेत्र में ही उच्च गुणवत्ता वाले कृषि आदान सुलभ होंगे, उनकी लागत कम होगी और उपज बढ़ेगी।

उन्होंने कृषि अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों और बागवानों की खेतों की मिट्टी की टेस्टिंग सुनिश्चित की जाए ताकि मिट्टी में पोषक तत्वों की कमी की पहचान कर समय पर सही खाद और बीज उपलब्ध कराए जा सकें।

इस प्रशिक्षण में जिला कांगड़ा के पांच ब्लॉक रैत, फतेहपुर ,नगरोटा सूरियां, नूरपुर तथा इंदौरा के 40 प्रशिक्षु भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण प्रत्येक रविवार को आयोजित किया जाएगा और एक वर्ष में पूरा कोर्स संपन्न होगा।

आत्मा के परियोजना निदेशक डॉ. राजकुमार ने प्रशिक्षण डिप्लोमा की विस्तृत जानकारी दी और उपमुख्य सचेतक का स्वागत किया। संयुक्त निदेशक कृषि डॉ. राहुल कटोच ने इस डिप्लोमा को शाहपुर में शुरू करने के लिए विधायक का आभार जताया।

इस अवसर पर उपनिदेशक कृषि डॉ. कुलदीप धीमान, वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. सुनंदा पठानिया, वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. रवि शर्मा सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया