home page

एचआरटीसी में होगी 300 ड्राइवर और 300 कंडक्टरों की भर्ती : उपमुख्यमंत्री

 | 
एचआरटीसी में होगी 300 ड्राइवर और 300 कंडक्टरों की भर्ती : उपमुख्यमंत्री


धर्मशाला, 14 अक्टूबर (हि.स.)। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बुधवार को नूरपुर के जसूर स्थित एचआरटीसी वर्कशॉप में आयोजित कार्यक्रम में पांच इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन बसों को पठानकोट डिपो में शामिल किया गया है। ये बसें पठानकोट से बैजनाथ, डाडा सीबा, गगरेट, हरिपुर-धर्मशाला और कुंडीहार रूट पर चलेंगी। उन्होंने एचआरटीसी वर्कशॉप जसूर के लिए एक करोड़ रुपये देने की भी घोषणा की।

इस अवसर पर मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि एचआरटीसी के बेड़े को पूरी तरह बदलने की दिशा में काम शुरू हो गया है। निगम में 1000 नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदी जा रही हैं। इसके अलावा 200 हाइड्रोजन बसें और 250 डीजल बसें भी बेड़े में शामिल की जाएंगी। उन्होंने कहा कि निगम में 300 ड्राइवर और 300 कंडक्टरों की भर्ती भी शीघ्र की जाएगी।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि फिना सिंह परियोजना का सबसे अधिक लाभ नूरपुर क्षेत्र के लोगों को मिलेगा। इस परियोजना को पूरा करना स्वर्गीय सत महाजन को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि नूरपुर विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग के माध्यम से सीवरेज से जुड़े 42.50 करोड़ रुपये और पेयजल से संबंधित 35 करोड़ रुपये के कार्य चल रहे हैं। आने वाले समय में क्षेत्र में विकास कार्यों को और गति दी जाएगी।

उधर एचआरटीसी के मंडलीय प्रबंधक पंकज चड्ढा ने बताया कि पांचों इलेक्ट्रिक बसों का संचालन इस तरह से निर्धारित किया गया है कि प्रत्येक बस प्रतिदिन कम से कम 250 किलोमीटर चले। जसूर और पठानकोट में चार्जिंग स्टेशन स्थापित कर दिए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान पहली बस को बैजनाथ मंदिर रूट के लिए रवाना किया गया।

डिप्टी चेयरमैन प्लानिंग भवानी सिंह पठानिया ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू करना परिवहन निगम के लिए महत्वपूर्ण कदम है। इससे निगम के संचालन खर्च में कमी आएगी और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

पूर्व विधायक अजय महाजन ने नूरपुर विधानसभा क्षेत्र को नई इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध करवाने और क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने के लिए उप मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया