अब छह माह में आयोजित होगी जिला कल्याण समिति की बैठक : संजय रत्न
धर्मशाला, 05 फ़रवरी (हि.स.)। जिला कल्याण समिति की समीक्षा बैठक अब छह माह में आयोजित की जाएगी। पहले वर्ष में एक बार समीक्षा बैठक की जाती थी, जबकि अब वर्ष में दो बार जिला कल्याण समिति की बैठक का आयोजन करके, विभिन्न कल्याण योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। यह जानकारी जिला कल्याण समिति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करने उपरांत समिति के अध्यक्ष एवं ज्वालामुखी के विधायक संजय रतन ने पत्रकारों से बातचीत में कही।
उन्होंने कहा कि अब जिला में लोकमित्र केंद्रों पर अंकुश लगाने के लिए समय-समय पर इंस्पेक्शन की जाएगी। साथ ही जिला में लंबित सामाजिक सुरक्षा पेंशन के मामलों को 31 मार्च से पहले क्लीयर किया जाएगा। लोकमित्र केंद्रों की भी समय-समय पर इंस्पेक्शन की जाएगी, इस बारे में एसडीएम को निर्देश जारी किए गए हैं। वर्तमान में जनता प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लोकमित्र केंद्रों में ही जाती है, ऐसे में उनकी मॉनिटरिंग भी जरूरी है। मिनी सचिवालय धर्मशाला के सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करने के उपरांत संजय रत्न ने कहा कि कांगड़ा जिला के सभी विधानसभा क्षेत्रों में कल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के लिए अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।
एक सवाल के जवाब में संतय रत्न ने बताया कि 4083 मामले सामाजिक सुरक्षा पेंशन के जिला में लंबित हैं, जिन्हें 31 मार्च से पहले क्लीयर कर दिया जाएगा। इनमें से कुछ मामले प्रोसेस हो रहे हैं, जबकि कुछ सरकार के विचाराधीन हैं। 1 लाख 80 हजार 294 लोगों को जिला में सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जा रही है, जिस पर लगभग 227 करोड़ खर्च हो चुका है। सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारकों की ईकेवाईसी बारे अधिकारियों को दिशानिर्देश जार किए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

