home page

साइक्लिंग प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

 | 
साइक्लिंग प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने जताया मुख्यमंत्री का आभार


धर्मशाला, 01 मार्च (हि.स.)। कांगड़ा जिला के बीड़-बिलिंग में तीन दिवसीय एशिया माउंटेन साइकिलिंग प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर जिला कांग्रेस कमेटी कांगड़ा के अध्यक्ष एवं बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन (बीपीए) अध्यक्ष अनुराग शर्मा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया है।

रविवार को जारी बयान में अनुराग शर्मा ने कहा कि बीड़-बिलिंग में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता ने न केवल प्रदेश बल्कि जिला कांगड़ा का नाम राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर रोशन किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और खेलों के प्रति सकारात्मक सोच के कारण ही इस प्रकार के बड़े आयोजनों को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सका है।

उन्होंने प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित प्रदेश सरकार में आयुष, कानून, युवा एवं खेल सेवाएं मंत्री यादविंदर गोमा का भी विशेष आभार जताया। अनुराग शर्मा ने बताया कि उन्होंने मंत्री यादविंदर गोमा के समक्ष कई प्रमुख मांगें रखी थीं, जिसमें ग्राम पंचायत चौगान में आधुनिक बैडमिंटन और टेनिस कोर्ट का निर्माण तथा मनाली की तर्ज पर पर्वतारोहण विशेषज्ञों की नियुक्ति शामिल है।

उन्होंने कहा कि मंत्री ने आयोजन के दौरान स्थानीय जनता एवं खेल प्रेमियों द्वारा रखी गई विभिन्न मांगों को गंभीरता से सुना और उन्हें पूरा करने का आश्वासन दिया। साथ ही अपनी निजी निधि से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने पर जिला कांग्रेस कमेटी कांगड़ा ने उनके प्रति विशेष आभार व्यक्त किया है।

अनुराग शर्मा ने कहा कि इस प्रकार की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलता है, रोजगार के अवसर सृजित होते हैं तथा स्थानीय खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच मिलता है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी प्रदेश सरकार खेलों के विकास और खिलाड़ियों के हित में इसी प्रकार सकारात्मक एवं ठोस कदम उठाती रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया