केंद्र की गाइडलाइन के अनुसार अधिकारी समयबद्ध पूरा करें विकास कार्य : डाॅ. राजीव भारद्वाज
धर्मशाला, 08 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड धर्मशाला के सभागार में मंगलवार को आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की अध्यक्षता कांगड़ा-चंबा सांसद डाॅ. राजीव भारद्वाज ने की। इस अवसर पर उपायुक्त हेमराज बैरवा ने विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए सांसद डाॅ. राजीव भारद्वाज ने कहा कि दिशा की बैठक का मुख्य उद्देश्य सभी विभागों की योजनाओं की प्रभावी माॅनिटरिंग करना है। योजनाओं की प्रगति, फंडिंग और क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को केंद्र की गाइडलाइन के अनुसार कार्य समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए।
सांसद डाॅ. राजीव भारद्वाज ने सांसद निधि से स्वीकृत विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित, स्वीकृत लेकिन शुरू न हुए तथा भूमि या फिजिबिलिटी संबंधी मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर लंबित कार्यों की स्थिति स्पष्ट करने, नाॅन-फिजिबल कार्यों की राशि वापस लेकर उसी क्षेत्र में अन्य विकास कार्यों के लिए उपयोग करने तथा पोर्टल पर पूर्ण कार्यों की जानकारी तत्काल अपडेट करने को कहा।
चक्की से परौर तक फोरलेन का 80 प्रतिशत कार्य पूरा
सांसद ने बताया कि चक्की से परौर तक फोरलेन का करीब 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। बरसात और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण प्रभावित कार्य को आगामी सात-आठ माह में पूरा कर मार्ग शुरू करने का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि स्कूलों और आबादी वाले क्षेत्रों में सुरक्षित कनेक्टिविटी, फुटओवर ब्रिज तथा आवश्यक स्थानों पर अंडरपास की संभावनाओं पर भी अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने सर्पदंश के मामलों में सावधानी और समय पर उपचार के प्रति लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया। इसके साथ ही डाॅग बाइट की समस्या के समाधान के लिए नसबंदी, एंटी रेबीज टीकाकरण, आवारा कुत्तों की उचित व्यवस्था तथा निर्धारित डाॅग फीडिंग प्वाइंट बनाने की दिशा में कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए। बैठक में टांडा मेडिकल काॅलेज एवं अस्पताल में आधारभूत ढांचे, चिकित्सकों व नर्सिंग स्टाफ, सुपर स्पेशलिटी सेवाओं और मरीज सुविधाओं की समीक्षा की गई।
डाॅ. राजीव भारद्धाज ने बताया कि धर्मशाला सर्कल में प्रस्तावित 129 में से 81 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि नूरपुर सर्कल में 68 में से 61 योजनाएं और देहरा की 25 में से 17 योजनाएं पूरी की जा चुकी हैं। नूरपुर और जसूर की सीवरेज परियोजनाओं की भी समीक्षा करते हुए उन्होंने नूरपुर के बरंडा में सीवरेज कार्य दिसंबर तक पूरा करने तथा जसूर एसटीपी का कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि करीब 15 दिन बाद दोबारा समीक्षा बैठक कर प्रत्येक विभाग से प्रगति रिपोर्ट ली जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

