धुम्मु शाह मेले में देश-विदेश के नामी पहलवान दिखाएंगे जौहर
धर्मशाला, 07 अप्रैल (हि.स.)। धुम्मु शाह, दाड़ी मेले में इस बार भी छिंज (दंगल) प्रतियोगिता का आयोजन उप-मंडल अधिकारी एवं जिला युवा सेवा एवं खेल कार्यालय द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में ”हिमाचल केसरी“, ”हिमाचल कुमार/कुमारी“ जैसे खिताब प्रदान किए जाएंगे। हिमाचल केसरी के पुरूष वर्ग में विजेता को एक लाख, उपविजेता को 75 हज़ार, तृतीय को 50 हज़ार रूपये तथा महिला वर्ग में विजेता को 75 हज़ार, उपविजेता को 50 हज़ार तथा तृतीय को 30 हज़ार रूपये दिये जाएंगे।
जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी रवि शंकर ने यह जानकारी देते हुए बताया कि 18 साल से कम उम्र के लड़कों के वर्ग (हिमाचल कुमार) के विजेता को 31 हज़ार, उपविजेता को 21 हज़ार तथा तृतीय को 11 हज़ार तथा 18 साल से कम उम्र की लड़कियों (हिमाचल कुमारी) के वर्ग के विजेता को 10 हज़ार, उपविजेता को 7 हज़ार तथा तृतीय को 5 हज़ार रूपये बतौर इनाम दिये जाएंगे।
उन्होंने बताया कि छोटी माली का आयोजन 9 अप्रैल, बड़ी माली 10 अप्रैल तथा विशेष दंगल 11 अप्रैल का किया जाएगा। विशेष दंगल में ईरान सहित जम्मू, रोहतक, उत्तरप्रदेश, पंजाब, दिल्ली तथा हरियाणा सहित अन्य क्षेत्रों से रेसलर भाग लेंगे।
छिंज प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक पहलवानों का पंजीकरण 9 अप्रैल को प्रातः 9 बज़े से सायं 4 बज़े तक तथा 10 अप्रैल को प्रातः 9 से 11 बजे तक छिंज मैदान, दाड़ी में किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

