दाड़ी का धुम्मू शाह मेला 8 से 15 अप्रैल तक, एसडीएम ने तैयारियों को लेकर की बैठक
धर्मशाला, 28 मार्च (हि.स.)। धर्मशाला के दाड़ी में धुम्मू शाह मेले का आयोजन इस बार 8 से 15 अप्रैल तक किया जाएगा। यह जानकारी उप मंडल अधिकारी (नागरिक) धर्मशाला एवं मेला अधिकारी मोहित रत्न की ने शनिवार को मेले की तैयारियों को लेकर आयोजित की गई बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया तथा मेले से संबंधित व्यवस्थाओं, जिम्मेदारियों एवं समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई।
एसडीएम मोहित रत्न ने बताया कि धुम्मू शाह मेला दाड़ी में 8 से 15 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि धुम्मू शाह मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है और इसे भव्य एवं आकर्षक रूप में आयोजित किया जाएगा। मेले के दौरान आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
मोहित रत्न ने बताया कि मेले के सफल संचालन हेतु विभिन्न 12 उप-समितियों का गठन किया गया है, जिनमें ग्राउंड मैनेजमेंट एवं आवंटन समिति, सांस्कृतिक कार्यक्रम समिति, व्यय समिति, मीडिया समन्वय समिति, आतिथ्य समिति, स्थल व्यवस्था समिति, कानून एवं व्यवस्था समिति, स्वच्छता समिति, पुरस्कार वितरण समिति, छिंज आयोजन समिति, मंदिर समिति तथा स्वागत समिति शामिल हैं। सभी समितियों को उनके कार्यों एवं जिम्मेदारियों के बारे में स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही कानून एवं व्यवस्था समिति को मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण एवं विभिन्न विभागों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त पुरस्कार छिंज आयोजन समिति को पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिता के आयोजन तथा मंदिर समिति को धार्मिक अनुष्ठानों एवं पूजा-अर्चना की व्यवस्थाओं की देखरेख करने के निर्देश दिए गए हैं। मोहित रत्न ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

