एटीएस मुद्दे पर मुख्यमंत्री से मिले वाहन आपरेेटर्स को मिला मैनुअल फिटनेस टेस्ट का आश्वासन
धर्मशाला, 23 अप्रैल (हि.स.)। ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) मामले को लेकर बस, टैक्सी एवं ट्रक ओपेरेटर्स के एक प्रतिनिधिमंडल ने वीरवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से कांगड़ा एयरपोर्ट पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष एटीएस के मुद्दे को उठाते हुए उन्हें राहत देने की मांग उठाई। मुख्यमंत्री ने इस मामले में ओपेरेटर्स को आश्वस्त किया कि फिलहाल उनकी समस्या को देखते हुए कांगड़ा जिला में मैनुअल फिटनेस प्रक्रिया को भी जारी रखा जाएगा जिस पर प्रतिनिधिमंडल ने उनका आभार जताया।
वहीं इस मौके पर उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने ओपेरेटर्स की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया है कि कांगड़ा जिले में आरटीओ तथा एमवीआई के माध्यम से भी फिलहाल कमर्शियल वाहनों के लिए मैनुअल फिटनेस टेस्ट की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।
उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि पहाड़ी राज्यों की व्यावहारिक कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए इस विषय को केंद्र सरकार के समक्ष उठाया गया है। उन्होंने प्रदेश के सभी भाजपा सांसदों से भी आग्रह किया कि वे आॅपरेटर्स की समस्याओं को देखते हुए इस मुद्दे की पैरवी केंद्र सरकार के समक्ष करें।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा वाहनों की फिटनेस जांच को ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशनों (एटीएस) के माध्यम से अनिवार्य किया गया है, जिससे प्रदेश में कई व्यावहारिक दिक्कतें सामने आ रही हैं।
इस अवसर पर कांगड़ा जिला की विभिन्न ओपेरेटर्स यूनियनों के पदाधिकारियों में विक्की पठानिया, करतार पठानिया, मेहर सिंह ठाकुर, मोहिंदर सिंह, संजय शर्मा, कार्तिक शर्मा, कुलजीत राणा, नीका राम, कर्मा, अशोक शर्मा तथा कपिल उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

