home page

डीएलएड री-अपीयर परीक्षा के लिए आवेदन 16 अप्रैल तक

 | 
डीएलएड री-अपीयर परीक्षा के लिए आवेदन 16 अप्रैल तक


धर्मशाला, 10 अप्रैल (हि.स.)। डिप्लोमा इन एलिमेंट्री एजुकेशन (डीएलएड) की जून माह में होने वाली री-अपीयर परीक्षाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। अभ्यर्थी 16 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं। स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा जून 2026 में आयोजित की जाने वाली डीएलएड भाग-1 और भाग-2 की परीक्षाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया आधिकारिक तौर पर शुरू कर दी गई है।

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि पात्रता रखने वाले सभी अभ्यर्थी अपने संबंधित शिक्षण संस्थानों के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने प्रवेश पत्र और निर्धारित परीक्षा शुल्क ऑनलाइन मोड में ही प्रेषित करवाएं। परीक्षाओं के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 16 अप्रैल 2026 तय की गई है। जबकि परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को 1350 रुपये शुल्क जमा करना होगा।

डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया है कि 16 अप्रैल के बाद किसी भी परिस्थिति में कोई भी आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किया जाएगा। अतः सभी अभ्यर्थी समय रहते अपने संस्थानों से संपर्क कर प्रक्रिया पूरी कर लें ताकि अंतिम समय में होने वाली तकनीकी समस्याओं या देरी से बचा जा सके।

उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी परीक्षा से जुड़ी किसी भी अन्य जानकारी, पाठ्यक्रम या अपडेट के लिए हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं। इसके अतिरिक्त, सहायता के लिए अभ्यर्थी अपने संबंधित शिक्षण संस्थान या सीधे बोर्ड कार्यालय से भी संपर्क साध सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया