home page

डीएलएड सीईटी-2026 : मेरिट आधार पर 21 से 31 अगस्त तक होगी काउंसलिंग : डॉ. राजेश शर्मा

 | 
डीएलएड सीईटी-2026 : मेरिट आधार पर 21 से 31 अगस्त तक होगी काउंसलिंग : डॉ. राजेश शर्मा


धर्मशाला, 18 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा संचालित दो वर्षीय डिप्लोमा इन एलिमेंट्री एजुकेशन (डीएलएड) सीईटी-2026 के माध्यम से शैक्षणिक सत्र 2026-28 में प्रवेश के लिए मेरिट के आधार पर काउंसलिंग प्रक्रिया 21 अगस्त से 31 अगस्त, 2026 तक आयोजित की जाएगी। यह काउंसलिंग बोर्ड मुख्यालय धर्मशाला में प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से आयोजित होगी।

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि डीएलएड सीईटी-2026 की मेरिट के आधार पर सरकारी डाइट तथा निजी मान्यता प्राप्त शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों में प्रवेश के लिए चयनित अभ्यर्थियों की काउंसलिंग निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार करवाई जा रही है। काउंसलिंग के लिए चयनित अभ्यर्थियों की तिथिवार सूची तथा श्रेणीवार आरक्षित सीटों का विवरण बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.hpbose.org पर उपलब्ध करवा दिया गया है।

डॉ. शर्मा ने बताया कि काउंसलिंग में भाग लेने वाले अभ्यर्थी बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध मेरिट सूची एवं दिशा-निर्देशों के अनुसार निर्धारित तिथि पर बोर्ड मुख्यालय धर्मशाला में उपस्थित हों। अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्र (दसवीं एवं जमा दो), हिमाचली मूल निवास प्रमाण-पत्र, आरक्षित श्रेणी/उप-श्रेणी से संबंधित प्रमाण-पत्र तथा आवश्यक शपथ-पत्रों की मूल प्रतियां एवं सत्यापित छायाप्रतियां साथ लाना अनिवार्य होगा। इसके अतिरिक्त बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध बायो डाटा फॉर्म की प्रति भी भरकर साथ लानी होगी।

उन्होंने बताया कि ईडब्ल्यूएस, ओबीसी तथा वार्ड ऑफ एक्स सर्विसमैन श्रेणी के अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रारूप के अनुसार सक्षम अधिकारी द्वारा सत्यापित/जारी एफिडेविट अथवा प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे काउंसलिंग से पूर्व सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रूप से तैयार रखें, ताकि प्रवेश प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि सीट आवंटन के समय अभ्यर्थी की वांछित संस्था में सीट उपलब्ध होने पर मेरिट के आधार पर केवल एक बार सीट आवंटित की जाएगी। इसलिए अभ्यर्थियों को काउंसलिंग से पूर्व अपनी इच्छित संस्थान का चयन एवं सीट की मांग सावधानीपूर्वक सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने बताया कि काउंसलिंग से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध दिशा-निर्देश देख सकते हैं अथवा दूरभाष संख्या 01892-242192 पर संपर्क कर सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया