home page

स्वस्थ बच्चे ही स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र की आधारशिला : हेमराज बैरवा

 | 
स्वस्थ बच्चे ही स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र की आधारशिला : हेमराज बैरवा


धर्मशाला, 06 अक्टूबर (हि.स.)। बच्चों में कुपोषण की रोकथाम तथा उनके समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जिला प्रशासन कांगड़ा के सहयोग से धर्मशाला से ‘मिशन भरपूर 2.0’ का शुभारंभ किया गया। उपायुक्त ने कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि भाग लिया और मिशन भरपूर का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने कहा कि स्वस्थ बच्चे ही स्वस्थ परिवार, स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र की आधारशिला हैं। आज के नौनिहाल ही देश की आने वाली पीढ़ी हैं और यदि उन्हें बचपन से ही उचित पोषण, स्वास्थ्य और बेहतर वातावरण मिले, तो वे आगे चलकर समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकेंगे।

उन्होंने कहा कि ‘मिशन भरपूर’ इसी दिशा में एक अभिनव पहल है, जिसके तहत बच्चों को स्वादिष्ट एवं पोषणयुक्त सप्लीमेंट्री उत्पाद उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये उत्पाद बच्चों के मुख्य भोजन का विकल्प नहीं, बल्कि पूरक आहार हैं।

इस अवसर जिला कार्यक्रम अधिकारी (महिला एवं बाल विकास) अशोक शर्मा ने कहा कि ‘मिशन भरपूर’ से पहले चरण में 2 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुपोषित एवं अति-कुपोषित बच्चों को वैज्ञानिक रूप से विकसित पोषण उत्पाद उपलब्ध करवाए गए थे। इस पहल के सकारात्मक परिणाम सामने आए और बच्चों के पोषण स्तर तथा स्वास्थ्य मानकों में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया। इसी अनुभव को ध्यान में रखते हुए अब 2 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए भी उपयुक्त पोषण उत्पाद उपलब्ध करवाने की दिशा में कार्य किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया