home page

धर्मशाला में संडे ऑन साइकिल का 100वां संस्करण आयोजित, विधायक सुधीर शर्मा ने किया मेगा रैली का नेतृत्व

 | 

धर्मशाला, 29 नवंबर (हि.स.)। फिट इंडिया मूवमेंट के तहत रविवार को धर्मशाला में संडे ऑन साइकिल का 100वां संस्करण उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई), राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (एनसीओई) धर्मशाला और मेरा युवा भारत के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस हहूविशेष कार्यक्रम में धर्मशाला के भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और मेगा साइकिल रैली का नेतृत्व किया। कार्यक्रम का आयोजन 'इंडिया रेडी फॉर ओलंपिक्स' थीम के तहत किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं, खिलाड़ियों और फिटनेस प्रेमियों ने भाग लेकर फिटनेस, खेल संस्कृति और नशामुक्त समाज का संदेश दिया।

इस दौरान विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फिट इंडिया मुहिम युवाओं को खेलों और शारीरिक गतिविधियों से जोड़ने में अहम भूमिका निभा रही है। भारत वर्ष 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों और वर्ष 2036 के ओलंपिक की मेजबानी की आकांक्षा के साथ आगे बढ़ रहा है। ऐसे में देश में खेल संस्कृति को मजबूत करना और युवाओं को बचपन से ही खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भारत का प्रदर्शन लगातार बेहतर हुआ है और देश की पदक तालिका में भी बढ़ोतरी हुई है। कार्यक्रम के दौरान धर्मशाला साई सेंटर की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यहां की बेटियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर हिमाचल सहित देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने धर्मशाला में साइकिलिंग के प्रति बढ़ते उत्साह पर खुशी जताते हुए कहा कि प्रतिभागियों की संख्या इतनी अधिक रही कि शुरुआत में साइकिलें भी कम पड़ गईं।

प्रदेश में बढ़ती नशे की समस्या पर चिंता जताते हुए विधायक ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेल और फिटनेस गतिविधियों को बढ़ावा देना जरूरी है। सरकारों को जगह-जगह ओपन एक्टिविटी एरिया विकसित करने चाहिए, जहां युवा पढ़ाई के साथ खेलकूद और मनोरंजन की गतिविधियों में भी हिस्सा ले सकें। उन्होंने कहा कि खेल और फिटनेस को जीवनशैली का हिस्सा बनाकर युवाओं को सकारात्मक दिशा दी जा सकती है।

दिसम्बर 2024 में हुई थी अभियान की शुरुआत

उल्लेखनीय है कि संडे ऑन साइकिल अभियान की शुरुआत 17 दिसंबर, 2024 को नई दिल्ली स्थित मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम से की गई थी। करीब 500 साइकिल चालकों के साथ शुरू हुई यह पहल अब देशव्यापी अभियान बन चुकी है। इसके 100वें संस्करण पर देश के 600 से अधिक जिलों में साइकिल रैलियां आयोजित की गईं, जिनमें 1.5 लाख से अधिक माय भारत स्वयंसेवकों ने भाग लिया। अभियान के विभिन्न आयोजनों में अब तक करीब 40 लाख लोगों की संचयी भागीदारी दर्ज की जा चुकी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया