छात्र की संदिग्ध मृत्यु के मामले में सीडब्लयूसी कांगड़ा ने तलब की स्टेटस रिपोर्ट
धर्मशाला, 31 अगस्त (हि.स.)। कांगड़ा जिला के जयसिंहपुर क्षेत्र में 16 वर्षीय छात्र अभिलाष पुत्र संजय चौधरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु के मामले को डिस्ट्रिक्ट चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (सीडब्लयूसी), कांगड़ा स्थित धर्मशाला ने गंभीरता से लेते हुए संबंधित पुलिस थाना लम्बागांव से स्टेटस रिपोर्ट तलब की है। इस सम्बन्ध में सोमवार को आयोजित बैठक की अध्यक्षता चेयरमैन जिला बाल कल्याण समिति कांगड़ा विक्रमजीत शर्मा ने की। बैठक में सदस्य विजय कुमार तथा सदस्य नरेशठा कुमारी भी मौजूद रहे।
उन्होंने बताया कि प्राप्त जानकारी के अनुसार छात्र 27 अगस्त की शाम घर से अपर लंबागांव में ट्यूशन के लिए निकला था, जिसके बाद वह लापता हो गया। अगले दिन छात्र घर के पास सड़क किनारे गंभीर अवस्था में मिला। उपचार के दौरान उसकी स्थिति नाजुक होने पर उसे टांडा मेडिकल काॅलेज रेफर किया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई। मामले में पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
इस प्रकरण में सीडब्लयूसी कांगड़ा ने बाल संरक्षण एवं बाल अधिकारों के दृष्टिकोण से मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित पुलिस थाना से जांच की वर्तमान स्थिति, बच्चे के लापता होने से लेकर अस्पताल पहुंचने तक की परिस्थितियों तथा जांच में अब तक सामने आए तथ्यों की स्टेटस रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
सीडब्लयूसी ने स्पष्ट किया कि बच्चे की मृत्यु से जुड़े प्रत्येक पहलू की निष्पक्ष एवं संवेदनशील जांच आवश्यक है। विशेष रूप से यह भी देखा जाएगा कि घटना के दौरान बच्चे की सुरक्षा, संरक्षण एवं सहायता से संबंधित किसी स्तर पर कोई चूक तो नहीं हुई।
सीडब्लयूसी ने संबंधित पुलिस थाना को समयबद्ध तरीके से स्टेटस रिपोर्ट उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। समिति द्वारा रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत मामले की समीक्षा कर आगामी कार्रवाई निर्धारित की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

