home page

हिमाचल मेरा घर, यहां से है भावनात्मक रिश्ता : सीजेआई सूर्यकांत

 | 
हिमाचल मेरा घर, यहां से है भावनात्मक रिश्ता : सीजेआई सूर्यकांत


धर्मशाला, 22 नवंबर (हि.स.)।

भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने कहा कि हिमाचल प्रदेश से उनका भावनात्मक जुड़ाव है और यह प्रदेश उन्हें अपना घर लगता है। दिल्ली के प्रदूषित माहौल के बीच धर्मशाला पहुंचकर उन्हें शुद्ध ऑक्सीजन लेने का अवसर मिला है। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के 10वें दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को जीवन में सफलता हासिल करने के साथ-साथ संघर्ष, धैर्य, सामुदायिक सहयोग और टीमवर्क का महत्व भी समझाया।

सीजेआई ने कहा कि वह अक्टूबर 2018 में हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बनकर आए थे। यहां उनका कार्यकाल भले ही करीब सात महीने का रहा, लेकिन इसके बाद भी पिछले सात वर्षों से हिमाचल के साथ उनका जुड़ाव लगातार बना हुआ है। उन्होंने कहा कि हिमाचल मुझे अपना घर लगता है और मैं भावनात्मक रूप से यहां के लोगों से जुड़ा हुआ हूं। उन्होंने प्रदेश सरकार और केंद्रीय विश्वविद्यालय का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें यहां बुलाकर कम से कम एक दिन के लिए शुद्ध हवा में सांस लेने का अवसर दिया गया।

बेटियों की उपलब्धि बदलते भारत की तस्वीर

दीक्षांत समारोह में कुल 708 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं, जबकि 27 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। इनमें 21 स्वर्ण पदक छात्राओं और छह छात्रों ने हासिल किए। छात्राओं की इस शानदार उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सीजेआई ने कहा कि बेटियां देश की शक्ति और गौरव हैं। स्वर्ण पदकों में उनकी इतनी बड़ी हिस्सेदारी केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि बदलते समाज और उभरते भारत की तस्वीर भी है। यह दर्शाता है कि बेटियों को समान अवसर मिलने पर वे हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण और इस उपलब्धि के लिए कुलपति प्रोफेसर बंसल सहित पूरी टीम को बधाई दी।

पहाड़ों के रास्तों से सीखें जीवन का संघर्ष

विद्यार्थियों को जीवन के अनुभवों से जोड़ते हुए न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने कहा कि धौलाधार की पहाड़ियां हमें सिखाती हैं कि सफलता का रास्ता कभी सीधा नहीं होता। जिस तरह पहाड़ों पर चढ़ने के लिए घुमावदार रास्तों और कठिनाइयों से गुजरना पड़ता है, उसी तरह जीवन और करियर में भी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने अपने जीवन का उदाहरण देते हुए बताया कि उन्होंने अपने गृह क्षेत्र की जिला अदालत में चल रही सुविधाजनक प्रैक्टिस छोड़कर अनिश्चित भविष्य के बीच कुछ जोड़ी कपड़ों के साथ चंडीगढ़ हाई कोर्ट का रुख किया था। यह फैसला उनके जीवन का महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुआ।

उन्होंने युवाओं को सोशल मीडिया या अपने साथियों की उपलब्धियों से खुद की तुलना नहीं करने की सलाह देते हुए कहा कि कोई भी पहाड़ केवल इसलिए छोटा नहीं हो जाता, क्योंकि दूसरी चोटी उससे अधिक ऊंची है। प्रत्येक व्यक्ति की अपनी क्षमता, परिस्थितियां और सफलता की यात्रा होती है।

अकेले नहीं, टीम के साथ मिलकर मिलती है सफलता

सीजेआई ने हिमाचल की ग्रामीण संस्कृति, आपसी सद्भाव और सामुदायिक सहयोग की परंपरा की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि पहाड़ हमें सिखाते हैं कि कोई भी व्यक्ति अकेले बहुत ऊंचाई तक नहीं पहुंच सकता। जीवन में आगे बढ़ने के लिए दूसरों को सुनना, उनके अनुभवों का सम्मान करना और मिलकर काम करना जरूरी है। चाहे कानून का क्षेत्र हो, न्यायपालिका, प्रशासन, राजनीति या व्यापार, हर जगह टीमवर्क और सामूहिक प्रयास सफलता की महत्वपूर्ण कुंजी हैं। अपने संबोधन के अंत में न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों से कहा कि जब वे जीवन में सफलता के शिखर पर पहुंचें तो उन लोगों को कभी न भूलें, जिनके त्याग और सहयोग से वे इस मुकाम तक पहुंचे हैं। उन्होंने माता-पिता के मौन त्याग और शिक्षकों के समर्पण को सफलता की असली नींव बताते हुए विद्यार्थियों से समाज के अन्य लोगों को भी आगे बढ़ने में मदद करने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया