home page

पालमपुर कृषि विश्वविद्यालय के डॉ. पंकज सूद प्रतिष्ठित राष्ट्रीय फेलोशिप, ‘आउटस्टैंडिंग–रैंक एक’ से सम्मानित

 | 
पालमपुर कृषि विश्वविद्यालय के डॉ. पंकज सूद प्रतिष्ठित राष्ट्रीय फेलोशिप, ‘आउटस्टैंडिंग–रैंक एक’ से सम्मानित


धर्मशाला, 26 नवंबर (हि.स.)। चौधरी सरवण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर ने एक और महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय के डॉ. जी.सी. नेगी पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. (प्रो.) पंकज सूद को सोसाइटी फॉर वेटरनरी साइंसेज एंड बायोटेक्नोलॉजी द्वारा पटना स्थित पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय में हाल ही में आयोजित अपने 13वें वार्षिक अधिवेशन एवं राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान प्रतिष्ठित फेलोशिप से सम्मानित किया गया।

यह सम्मान विशेष महत्व रखता है, क्योंकि सोसाइटी द्वारा प्रतिवर्ष केवल दो फेलोशिप प्रदान की जाती हैं, जिससे यह एक अत्यंत प्रतिस्पर्धात्मक एवं विशिष्ट उपलब्धि बन जाती है। इस उपलब्धि को और गौरवपूर्ण बनाते हुए सोसाइटी की स्क्रीनिंग समिति ने डॉ. सूद की उम्मीदवारी को ‘आउटस्टैंडिंग–रैंक 1’ घोषित किया। विश्वविद्यालय के कुलपति आर.डी. नज़ीम, आईएएस, तथा कुलसचिव डॉ. (सेवानिवृत्त मेजर) अवनींद्र शर्मा ने डॉ. सूद को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई दी।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रतिष्ठित सम्मान न केवल व्यक्ति की निष्ठा एवं योगदान को मान्यता प्रदान करते हैं, बल्कि राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा और पहचान को भी सुदृढ़ करते हैं। इस सम्मान के साथ डॉ. सूद के नाम अब कुल छह फेलोशिप हो गई हैं। यह उपलब्धि पशु चिकित्सा शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान तथा पशु प्रजनन तकनीकों के विकास में उनके निरंतर योगदान को दर्शाती है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया