home page

चीन के साथ व्यापार घाटा और बढ़ती निर्भरता चिंता का विषय : सुनील बरसैण

 | 

धर्मशाला, 16 सितंबर (हि.स.)।

कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सुनील बरसैन ने चीन के साथ भारत के बढ़ते व्यापार घाटे और चीन पर बढ़ती निर्भरता को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। धर्मशाला में बुधवार को पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2020-21 में चीन से भारत को करीब 65 बिलियन डॉलर का माल आयात होता था, जबकि भारत से चीन को करीब 21 बिलियन डॉलर का निर्यात होता था। उनके अनुसार वर्ष 2025 में चीन से भारत का आयात बढ़कर करीब 132 बिलियन डॉलर हो गया, जबकि भारत का चीन को निर्यात घटकर 19.47 बिलियन डॉलर रह गया।

उन्होंने कहा कि चीन के साथ भारत का व्यापार घाटा वर्ष 2025 में करीब 115 बिलियन डॉलर रहा और इस वर्ष इसके करीब 135 बिलियन डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है। उन्होंने इन आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि यह भारत की चीन पर बढ़ती व्यापारिक निर्भरता को दर्शाता है। उन्होंने गलवान घाटी की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि 15 जून 2020 को भारत-चीन सैनिकों के बीच हुई झड़प में भारत के 20 सैनिक शहीद हुए थे। उन्होंने कहा कि उस समय चीन के खिलाफ सख्त रुख अपनाने की बात कही गई थी, लेकिन आज भी शहीद परिवारों की अपेक्षाएं बनी हुई हैं। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता ने ब्रिक्स सम्मेलन में चीन की भागीदारी का भी उल्लेख किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया