राम चंदा चोरी मामले में 14 जुलाई को धर्मशाला में कांग्रेस करेगी भजन कीर्तन
धर्मशाला, 12 जुलाई (हि.स.)। जिला कांगड़ा कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद अनुराग शर्मा ने जिला कांग्रेस कमेटी के सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि वह 14 जुलाई को राम मंदिर चंदा चोरी के विरोध में होने वाले जिला कांग्रेस कमेटी के भजन कीर्तन में शामिल हों। रविवार को जारी एक प्रेस बयान में उन्होंने कहा है कि भाजपा ने संघ के साथ मिल कर लोगों की आस्था की चोरी की है, इस चोरी के खिलाफ कांग्रेस प्रदेश में एक बड़ा अभियान शुरू करने जा रही है।
अनुराग शर्मा ने कहा कि भाजपा ने हमेशा ही अपने राजनीतिक उद्देश्यों के लिए लोगों की धार्मिक आस्था से खिलवाड़ किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम के मंदिर से हजारों करोड़ का चंदा चोरी एक बड़ी साजिश है। उन्होंने कहा कि इसकी जांच अगर उच्च न्यायालय के न्यायधीश से होती है तो इसमें कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आएंगे।
अनुराग शर्मा ने कहा है कि एसआईटी की जांच केवल छोटे कर्मचारियों तक ही सीमित है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट के मुखिया अपने पद से त्यागपत्र देकर किनारे हो गए हैं। उनसे कोई भी पूछताछ नही हो रही है। चंपत राय का यह बयान की अगर उन्हें किसी प्रकार से तंग करने की कोशिश की गई तो वह बड़े खुलासे करंगे,अपने आप मे किसी बड़ी साजिश की ओर इंगित करता है।
अनुराग शर्मा ने कहा है कि प्रदेश में भाजपा के खिलाफ एक बड़ा अभियान शुरू किया जाएगा। इसमें राम मंदिर में दानपात्र से चोरी, नीट पेपर लीक, युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी जैसे अनेक मुद्दे हैं जिन्हें जोर शोर से उठाया जाएगा।
अनुराग शर्मा ने जिला कांग्रेस कमेटी के सभी नेताओं, पदाधिकारियों, अग्रणी संगठनों व विभागों के सभी पदाधिकारियों, नगर निगम के सभी कांग्रेस पार्षदों, पूर्व पार्षदों व कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि वह सब एकजुट होकर 14 जुलाई से भाजपा के खिलाफ शुरू किए जाने वाले इस अभियान में बढ़चढ़ कर हिस्सा लें और लोगों की मजबूत आवाज बनें।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

