home page

कांगड़ा में कमर्शियल वाहनों की हड़ताल से आम लोगों को हुई परेशानी, जगह जगह सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

 | 

धर्मशाला, 06 अप्रैल (हि.स.)। जिला कांगड़ा में सोमवार को कमर्शियल व्हीकल ऑपरेटर्स की प्रस्तावित हड़ताल के चलते परिवहन व्यवस्था बुरी तरह से प्रभावित रही। विभिन्न मांगों को लेकर इस दौरान टैक्सी, ऑटो और बस ऑपरेटर्स द्वारा संयुक्त रूप से वाहनों को नही चलाया गया, जिससे आम लोगों और यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं इस दौरान जिला भर में विभिन्न ऑपरेटर यूनियन ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिला के सभी 15 उपमंडलों में टैक्सी, ऑटो और निजी बस ऑपरेटरों ने जगह जगह सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया तथा खासकर जिला में स्थापित एकमात्र एटीएस को लेकर अपना विरोध जताया।

जानकारी के अनुसार इस दौरान जिले में करीब 18 से 20 हजार टैक्सियों के पहिये थमे रहे, जबकि 833 निजी बस रूट भी प्रभावित हुए जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हड़ताल के कारण सड़कों पर बसों और टैक्सियों की आवाजाही थमी रही और यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ा। हड़ताल के दौरान ऑपरेटर्स ने धर्मशाला के कोतवाली स्थित महात्मा गांधी स्मृति वाटिका में एकत्रित हुए, जहां से उपायुक्त कार्यालय तक रैली निकाली। इस दौरान सरकार और प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया गया।

टैक्सी ऑपरेटर संजय शर्मा ने कहा कि ऑपरेटर्स की मांगों को लंबे समय से नजरअंदाज किया जा रहा है, जिसके चलते उन्हें यह कदम उठाना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मांगें पूरी नहीं हुईं, तो यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा और इसे और तेज किया जाएगा। ऑपरेटर्स की मुख्य मांग वाहन पासिंग की सुविधा को पहले की तरह विभिन्न स्थानों पर बहाल करने की है, ताकि चालकों को अनावश्यक रूप से दूर न जाना पड़े।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया