वीआईपी कल्चर से परे ढाबे पर नींबू पानी पीने रुके मुख्यमंत्री
धर्मशाला, 27 जुलाई (हि.स.)। राजनीति की आपाधापी, सुरक्षा का कड़ा पहरा और वीआईपी कल्चर के बीच जब कोई बड़ा राजनेता आम आदमी के बीच सहज रूप से खड़ा हो जाता है, तो वह पल जनता के दिलों को छू लेता है। ऐसा ही एक आत्मीय नजारा सोमवार को देखने को उस समय मिला, जब धर्मशाला से नगरोटा में एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए जा रहे थे तो नगरोटा के नजदीक ही हाइवे के किनारे मुख्यमंत्री ने अपना काफिला एक छोटे से साधारण ढाबे पर रोककर न सिर्फ नींबू पानी का आनंद लिया, बल्कि सीधा संवाद भी किया। मुख्यमंत्री को अचानक अपने सामने देख ढाबा संचालक और वहां मौजूद चंद ग्राहक हैरान रह गए।
एक गिलास नींबू पानी बनाना भाई...
मुख्यमंत्री ने बेहद सादगी से ढाबा संचालक से पूछा, भाई, एक गिलास बढ़िया नींबू पानी मिलेगा? गर्मी बहुत है। ढाबा मालिक ने तुरंत फुर्ती दिखाते हुए अपने हाथ से शिकंजी तैयार की। सीएम ने बड़े चाव से नींबू पानी पिया और उसकी तारीफ भी की। इस अवसर पर उनके साथ तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, युवा सेवाएं खेल मंत्री यादवेंद्र गोमा, उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक संजय रत्न तथा कांग्रेस के नेशनल सचिव चेतन चौहान भी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

