home page

सरकार ने निभाया महिलाओं को 1500 देने का वायदा : मुख्यमंत्री

 | 

धर्मशाला, 14 मार्च (हि.स.)। प्रदेश की महिलाओं से विधानसभा चुनावों के दौरान किए गए वायदे को पूरा करते हुए राज्य सरकार ने इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख-सम्मान निधि योजना आरंभ कर 18 वर्ष से अधिक आयु की पात्र बेटियों और महिलाओं को 1500 रुपये सम्मान राशि आरंभ कर दी है। इस योजना में महिलाओं को प्रतिवर्ष 18 हजार रुपये मिलेंगे। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने यह बात आज कांगड़ा जिला के जयसिंहपुर मैदान में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार पर पूर्ण अंकुश लगाकर अतिरिक्त राजस्व एकत्रित हुआ है और इस पैसे को जनकल्याण पर व्यय किया जा रहा है ताकि लोगों को अधिक से अधिक लाभ प्रदान किया जा सके।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उप-तहसील पंचरुखी को तहसील में स्तरोन्नत करने की घोषणा की। उन्होंने जयसिंहपुर में ब्लॉक मेडिकल ऑफिस (बीएमओ), हारसी में जल शक्ति विभाग का उप-मण्डल, धार क्षेत्र में आईटीआई संस्थान, आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी कोसरी का दर्जा बढ़ा कर दस बिस्तरों का अस्पताल, आलमपुर में दस बिस्तरों का आयुर्वेदिक अस्पताल, वेटनरी अस्पताल खैरा और हारसी के भवनों के निर्माण के लिए दो-दो करोड़ रुपये का प्रावधान करने की घोषणा की।

ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में पिछले वर्ष आई प्राकृतिक आपदा में केंद्र सरकार द्वारा राज्य की कोई सहायता नहीं की गई। उन्होंने कहा कि विकट आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद प्रदेश सरकार ने अपने संसाधनों से 4500 करोड़ का आपदा राहत पैकेज दिया। उन्होंने कहा कि असहायों का दर्द समझते हुए सरकार ने प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए आपदा राहत एवं पुनर्वास के लिए प्रदान की जा रही सहायता राशि के नियमों में भी बदलाव किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकान की मुआवजा राशि को 1.50 लाख से बढ़ाकर 7 लाख रुपये किया है।

इस अवसर पर आयुष मंत्री यादविन्द्र गोमा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उन्हें प्रदेश मंत्रिमण्डल में शामिल कर जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि वह हर परिस्थिति में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ खड़े रहेंगे और पूर्ण निष्ठा के साथ क्षेत्र के उत्थान के लिए कार्य करेंगे।

यादविन्द्र गोमा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पिछले एक वर्ष में जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र में 150 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास किए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के स्वास्थ्य संस्थानों में मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों की कमी को पूरा किया है।

हिन्दुस्थान समाचार/सतेंद्र/सुनील