home page

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने किया अधिकारियों के साथ अनुभव सांझा, फीडबैक भी ली

 | 
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने किया अधिकारियों के साथ अनुभव सांझा, फीडबैक भी ली


धर्मशाला, 06 जून (हि.स.)। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार शनिवार को पालमपुर उपमंडल के प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने उपमंडल के विभिन्न प्रशासनिक-चुनाव अधिकारियों के साथ चुनावों से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। मुख्य चुनाव आयुक्त ने चुनावों को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने को लेकर अधिकारियों के साथ अपने व्यापक अनुभव साझा किए, साथ ही चुनावी प्रक्रिया के दौरान सामने आने वाली विभिन्न व्यावहारिक समस्याओं और अधिकारियों की शंकाओं का मौके पर ही निवारण किया।

प्रशासनिक बैठक के उपरांत ज्ञानेश कुमार ने अपने परिवार के साथ प्रसिद्ध 'वाह टी इस्टेट' का दौरा किया। पालमपुर की प्राकृतिक खूबसूरती और सुरम्य वादियों को निहारते हुए उन्होंने यहाँ के नैसर्गिक सौंदर्य की जमकर सराहना की। इस मौके पर मौजूद स्थानीय अधिकारियों ने उन्हें पालमपुर में संचालित हो रही विभिन्न पर्यटन गतिविधियों व भविष्य की संभावनाओं से भी अवगत करवाया। अपने इस भ्रमण के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ने चाय के बागानों में जाकर चाय उत्पादन की बारीकियों को समझा और चाय फैक्ट्री में हरी पत्तियों से अंतिम उत्पाद (चायपत्ती) तैयार होने की पूरी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी हासिल की।

इससे पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त ने बृजेश्वरी मंदिर कांगड़ा तथा चामुंडा मंदिर में पूजा अर्चना की तथा मंगलकामना की। उन्होंने ऐतिहासिक कांगड़ा किला का भी भ्रमण किया।

इस मौके पर उनके साथ, कृषि विश्विद्यालय की कुलसचिव डॉ. मधु चौधरी, अतिरिक्त मुख्य निर्वाचिन अधिकारी मुरारी लाल एवं नीरज चांदला, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी दोर्जे ठाकुर, एडीएम कांगड़ा शिल्पी बेक्टा, एसडीएम डॉ. ओपी यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया