home page

सीबीएसई सब-कैडर में प्रतिनियुक्ति के लिए पात्रता में राहत, आवेदन तिथि बढ़ी

 | 
सीबीएसई सब-कैडर में प्रतिनियुक्ति के लिए पात्रता में राहत, आवेदन तिथि बढ़ी


धर्मशाला, 23 फ़रवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि सीबीएसई सब-कैडर में प्रतिनियुक्ति हेतु आयोजित होने वाली स्क्रीनिंग टेस्ट-2026 से संबंधित प्रॉस्पेक्टस के नियम में आंशिक संशोधन किया गया है। यह संशोधन विद्यालय शिक्षा निदेशालय, हिमाचल प्रदेश के निर्देशों के अनुरूप किया गया है, ताकि योग्य और अनुभवी शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।

डॉ. शर्मा ने बताया कि प्रधानाचार्य पद के लिए न्यूनतम अवशिष्ट सेवा अवधि की शर्त को तीन वर्ष से घटाकर दो वर्ष कर दिया गया है। इस निर्णय से सीबीएसई से संबद्ध राजकीय विद्यालयों में प्रधानाचार्य पद हेतु अधिक योग्य एवं अनुभवी शिक्षकों को अवसर मिलेगा। यह छूट केवल प्रधानाचार्य पद के लिए लागू होगी।

अन्य शर्तें यथावत, चयन प्रक्रिया में कोई बदलाव नहीं

बोर्ड अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि प्रधानाचार्य पद को छोड़कर अन्य सभी पात्रता शर्तें तथा स्क्रीनिंग/चयन प्रक्रिया पूर्ववत रहेगी। संबंधित शिक्षकों को सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी वैध इन-सर्विस प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी

डॉ. शर्मा ने जानकारी दी कि ऑनलाइन आवेदन बिना विलंब शुल्क के जमा करने की अंतिम तिथि 5 मार्च 2026 तक बढ़ा दी गई है। इसके अतिरिक्त, पहले से जमा आवेदनों में संशोधन के लिए करेक्शन विंडो 6 मार्च 2026 से 7 मार्च 2026 तक खुली रहेगी।

बोर्ड अध्यक्ष ने सभी पात्र शिक्षकों से आग्रह किया कि वे संशोधित पात्रता शर्तों एवं तिथियों का लाभ उठाते हुए समय पर आवेदन करें और आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति सुनिश्चित करें। शिक्षा बोर्ड योग्य एवं अनुभवी शिक्षकों को अवसर प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, ताकि सीबीएसई से संबद्ध राजकीय विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया