home page

आजादी के 79 वर्षों बाद करेरी वासियों को मिली बस सुविधा, उपमुख्य सचेतक ने दिखाई हरी झंडी

 | 
आजादी के 79 वर्षों बाद करेरी वासियों को मिली बस सुविधा, उपमुख्य सचेतक ने दिखाई हरी झंडी


धर्मशाला, 08 अगस्त (हि.स.)। कांगड़ा जिला के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के करेरी गांव के लोगों को आजादी के 79 वर्षों बाद आखिरकार बस सुविधा मिल ही गई। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने शनिवार को करेरी में परिवहन विभाग की 28 सीटर बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बस सेवा शुरू होने पर स्थानीय लोगों ने विधायक का भव्य स्वागत किया और उनका आभार जताया।

इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने कहा कि वह पिछले तीन वर्षों से करेरी को बस सुविधा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत थे। उन्होंने कहा कि आजादी के 79 वर्ष बाद भी यह क्षेत्र बस सेवा से वंचित था, जिसके कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू तथा उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के सहयोग से यह सुविधा संभव हो पाई है। इसके लिए उन्होंने प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि करेरी में बस सेवा शुरू करवाना उनका सपना था, लेकिन क्षेत्र की जटिल भौगोलिक परिस्थितियों के कारण पहले किए गए प्रयास सफल नहीं हो पाए थे। अब 28 सीटर बस शुरू होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ यहां आने वाले पर्यटकों को भी आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि आज उनका सपना पूरा हुआ है।

विधायक ने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में तीन नई इलेक्ट्रिक बसें भी शुरू की गई हैं, जिससे लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। आने वाले समय में बस सेवाओं का और विस्तार किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि बरसात समाप्त होने के बाद घेरा-करेरी सड़क पर मेटलिंग का कार्य किया जाएगा। इसके अतिरिक्त बर्नेट-घेरा सड़क का कार्य दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। करेरी पंचायत की प्रधान सुषमा देवी ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और आजादी के 79 वर्षों बाद गांव को बस सुविधा प्रदान करने के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया