राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में सजी बहु-प्रकाशक पुस्तक प्रदर्शनी
धर्मशाला, 23 सितंबर (हि.स.)। राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की रंगनाथन पुस्तकालय समिति और केंद्रीय पुस्तकालय कर्मचारियों की ओर से बुधवार को कॉलेज परिसर स्थित प्रयास भवन के समीप बहु-प्रकाशक पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. विक्रम श्रीवत्स ने किया। इस दौरान प्रो. बालक राम, प्रो. सरिता कुमारी, डॉ. गौरव महाजन, प्रो. संजय ठाकुर, रषभ, डॉ. अजय कुमार और प्रो. गोविंद सिंह सहित अन्य संकाय सदस्य मौजूद रहे।
प्रदर्शनी में देश के प्रमुख प्रकाशन गृहों की अकादमिक, संदर्भ और साहित्यिक पुस्तकों का विस्तृत संग्रह प्रदर्शित किया गया। इसमें एस. चंद पब्लिकेशंस और निर्मल पब्लिकेशंस की पुस्तकें भी शामिल रहीं। दिनभर प्रयास भवन के समीप विद्यार्थियों और प्राध्यापकों की आवाजाही बनी रही। विद्यार्थियों ने विभिन्न अकादमिक विषयों से संबंधित पुस्तकों के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उपलब्ध पुस्तकों और सामान्य साहित्य की जानकारी ली।
प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों और शिक्षकों को महाविद्यालय परिसर में ही नवीनतम अकादमिक संस्करणों और मानक पाठ्यपुस्तकों को देखने और उनकी उपयोगिता समझने का अवसर मिला। पुस्तकालयाध्यक्ष अंजना धरवाल के नेतृत्व में प्रदर्शनी की योजना और आयोजन किया गया। इसमें सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष कविता और शशि लता के साथ रंगनाथन पुस्तकालय समिति के सदस्यों ने सक्रिय सहयोग दिया। आयोजन में विद्यार्थियों और शिक्षकों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

