ज्वाली स्कूल का परीक्षा केंद्र रद्द, नकल के आरोपों के बाद बोर्ड की कार्रवाई
धर्मशाला, 13 मार्च (हि.स.)।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने बोर्ड परीक्षाओं के दौरान शुक्रवार को कांगड़ा जिला के ज्वाली परीक्षा केंद्र पर सर्जिकल स्ट्राइक की है। कांगड़ा जिला के 'पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, ज्वाली' में सामूहिक नकल की शिकायतों और साक्ष्यों के आधार पर बोर्ड ने सख्त कदम उठाते हुए पूरे केंद्र को ही बदल दिया है।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि ज्वाली स्कूल में चल रही परीक्षाओं के दौरान गंभीर अनियमितताओं की शिकायत मिली थी। शिकायत के साथ कुछ वीडियो क्लिप भी बोर्ड को प्राप्त हुए हैं। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि परीक्षा हॉल में तैनात एक शिक्षक द्वारा विद्यार्थियों को बहुविकल्पीय प्रश्नों (एमसीक्यू) के उत्तर बोलकर बताए जा रहे थे। यह सीधे तौर पर 'सामूहिक नकल' का मामला है, जो बोर्ड की गरिमा पर सवालिया निशान लगाता है।
एसडीएम ज्वाली करेंगे जांच, बोर्ड ने मांगा जवाब
उधर मामले की गंभीरता को देखते हुए हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने स्थानीय प्रशासन को मोर्चे पर लगा दिया है। उपमंडलाधिकारी (एसडीएम), ज्वाली को पूरे प्रकरण की गहनता से जांच करने और जल्द से जल्द विस्तृत रिपोर्ट बोर्ड मुख्यालय को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। बोर्ड का मानना है कि इस तरह की घटनाएं अन्य ईमानदार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं।
मतलाहर शिफ्ट हुआ परीक्षा केंद्र
परीक्षाओं की पारदर्शिता और निष्पक्षता को बनाए रखने के लिए बोर्ड ने दो बड़े प्रशासनिक फैसले लिए हैं। पहले फैसले में ज्वाली स्कूल के परीक्षा केंद्र को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है। अब यहां के परीक्षार्थी शेष परीक्षाएं निकटवर्ती राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मतलाहर में देंगे।
केंद्र में तैनात स्टाफ के खिलाफ विभागीय जांच
वहीं केंद्र पर तैनात समन्वयक, केंद्र अधीक्षक और उप-अधीक्षक के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। बोर्ड ने शिक्षा निदेशक (शिमला) को पत्र लिखकर इनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
डॉ. राजेश शर्मा ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि बोर्ड परीक्षाओं की पवित्रता बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। परीक्षा प्रक्रिया में बाधा डालने या अनुचित साधनों का प्रयोग करवाने वाली किसी भी गतिविधि के प्रति बोर्ड की 'जीरो टॉलरेंस' की नीति रहेगी। दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

