home page

19 नवंबर को जोरावर स्टेडियम में कांग्रेस सरकार के खिलाफ महिला शक्ति करेगी प्रदर्शन : डॉ. राजीव बिंदल

 | 
19 नवंबर को जोरावर स्टेडियम में कांग्रेस सरकार के खिलाफ महिला शक्ति करेगी प्रदर्शन : डॉ. राजीव बिंदल


धर्मशाला, 17 नवंबर (हि.स.)।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक का आयोजन मंगलवार को कांगड़ा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में विशेष रूप से पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर उपस्थित रहे।

बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों, मोर्चों एवं प्रकोष्ठों की सक्रियता तथा बूथ स्तर पर पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश में संगठन को और अधिक चुस्त-दुरुस्त तथा सक्रिय बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी मोर्चे एवं प्रकोष्ठ पूरी सक्रियता के साथ काम कर रहे हैं। प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

डॉ. बिंदल ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 18 नवंबर को भारतीय जनता युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक पालमपुर में, 19 नवंबर को किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक देहरा में, 20 नवंबर को अनुसूचित जाति मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक पालमपुर में तथा 21 नवंबर को महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक ऊना में आयोजित की जाएगी। इसी क्रम में 22 नवंबर को अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक ज्वालामुखी में संपन्न होगी।

डॉ. राजीव बिंदल ने बताया कि 19 नवंबर को धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में बड़ी संख्या में महिलाएं प्रदेश कांग्रेस सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करेंगी। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन कांग्रेस सरकार की महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये देने की चुनावी गारंटी को लेकर आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रदर्शन का प्रमुख नारा होगा, 1500 नहीं, 72 हजार चाहिए चुनिंदा बहनें नहीं, सभी 28 लाख बहनों को अधिकार चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं की इस मांग को प्रमुखता से उठाएगी और सरकार से अपनी चुनावी गारंटी पर जवाब मांगेगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि आने वाले दिनों में भाजपा के विभिन्न प्रकोष्ठों का एक संयुक्त कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 1 दिसंबर से 25 दिसंबर तक प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में सेवादूत अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने तथा जनसंपर्क को व्यापक बनाने का कार्य किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पार्टी प्रत्येक पोलिंग बूथ पर 51 कार्यकर्ताओं की सशक्त टीम तैयार करने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। संगठन की यही जमीनी शक्ति भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा आगामी चुनावों को लेकर संगठनात्मक तैयारियों में जुटी हुई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनावों में प्रचंड बहुमत प्राप्त कर हिमाचल प्रदेश में सरकार बनाएगी।

इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार, प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल एवं पायल वैद्य, कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज तथा विधायक पवन काजल सहित पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया