हिमाचल को सड़कों और रेल लाइनों के आधुनिक नेटवर्क से जोड़ रही है मोदी सरकार : संजय शर्मा
धर्मशाला, 16 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश के समग्र विकास और ढांचागत सुधार के लिए पूरी तरह समर्पित है। हिमाचल को 17 जुलाई को मिलने वाली दो बड़ी सौगातें, अंबाला-कालाअम्ब हाईवे और दौलतपुर चौक-करतोली नई रेल लाइन इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण हैं कि केंद्र सरकार हिमाचल को विकास के पथ पर अग्रसर करने के लिए प्रतिबद्ध है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि 830 करोड़ की लागत से नंगल डैम-तलवाड़ा-मुकेरियां परियोजना के तहत तैयार हुई दौलतपुर चौक-करतोली नई रेल लाइन से न केवल ऊना जिले बल्कि पूरे प्रदेश का पंजाब और देश के अन्य हिस्सों से रेल संपर्क सुदृढ़ होगा। इसके साथ ही, अंबाला-कालाअम्ब हाईवे के निर्माण से कालाअम्ब औद्योगिक क्षेत्र को सीधी और निर्बाध कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे लॉजिस्टिक्स की लागत कम होगी और प्रदेश में निवेश के नए रास्ते खुलेंगे। यह दोनों प्रोजेक्ट्स हिमाचल के युवाओं के लिए रोजगार और पर्यटन विकास के लिए मील का पत्थर साबित होंगे।
वहीं प्रदेश सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि एक तरफ जहां केंद्र की भाजपा सरकार हिमाचल को सड़कों और रेल लाइनों के आधुनिक नेटवर्क से जोड़ रही है, वहीं दूसरी तरफ प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार केवल आर्थिक बदहाली का रोना रो रही है। जनता से की गई झूठी गारंटियों के बोझ तले दबी कांग्रेस सरकार के पास विकास के नाम पर दिखाने के लिए एक भी बड़ी उपलब्धि नहीं है।
उन्होंने कहा कि जब-जब हिमाचल पर कोई आपदा या विकास की आवश्यकता आई है, केंद्र की मोदी सरकार ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर हिमाचल की खुलकर मदद की है। चाहे सड़कों की बहाली के लिए केंद्रीय फंड हो या बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स, भाजपा ने हमेशा हिमाचल के हितों को सर्वोपरि रखा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

