home page

राम मंदिर पर सवाल उठाकर आस्था को कटघरे में खड़ा कर रहे हैं जगत नेगी, सनातन समाज से मांगें माफी : राकेश जमवाल

 | 
राम मंदिर पर सवाल उठाकर आस्था को कटघरे में खड़ा कर रहे हैं जगत नेगी, सनातन समाज से मांगें माफी : राकेश जमवाल


धर्मशाला, 23 जून (हि.स.)। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जमवाल ने प्रदेश के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर और मंदिरों में दिए जाने वाले चढ़ावे को लेकर दिए गए बयान की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं की सनातन विरोधी मानसिकता समय-समय पर उनके बयानों में स्पष्ट दिखाई देती है। करोड़ों हिंदुओं की आस्था के केंद्र श्रीराम मंदिर को बार-बार विवादों में घसीटना और उस पर संदेह का वातावरण बनाने का प्रयास दुर्भाग्यपूर्ण है।

मंगलवार को जारी एक प्रेस बयान में राकेश जमवाल ने कहा कि यदि किसी भी मामले में कोई शिकायत या तथ्य सामने आते हैं तो देश का कानून और संबंधित संस्थाएं उसकी जांच करने के लिए सक्षम हैं, लेकिन बिना किसी निष्कर्ष के राम मंदिर और उससे जुड़े लोगों पर सवाल खड़े करना करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत करने वाला है। श्रीराम मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक चेतना, आस्था और लंबे संघर्ष का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि जगत नेगी द्वारा लोगों को यह सलाह देना कि मंदिरों में दान देने की बजाय अस्पतालों और स्कूलों को दान दिया जाए, कांग्रेस की सोच को उजागर करता है।

राकेश जमवाल ने कहा कि जगत नेगी लगातार ऐसे बयान देते रहे हैं जो सनातन समाज की भावनाओं को आहत करते हैं। उन्होंने कहा कि मंदिरों में सेवा करने वाले पुजारियों और सनातन परंपराओं पर टिप्पणी कर जगत नेगी ने करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। यदि उनके पास किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ कोई प्रमाण हैं तो उन्हें संबंधित एजेंसियों को सौंपना चाहिए, लेकिन पूरे धार्मिक तंत्र और सनातन समाज को कटघरे में खड़ा करना अस्वीकार्य है।

राकेश जमवाल ने मांग की कि जगत सिंह नेगी अपने बयानों के लिए सार्वजनिक रूप से सनातन समाज से माफी मांगें। कांग्रेस को यह समझना चाहिए कि धार्मिक आस्था पर राजनीति कर अपनी विफलताओं को नहीं छिपाया जा सकता। प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार के दोहरे चरित्र और उसके नेताओं की मानसिकता को भलीभांति समझ चुकी है तथा समय आने पर इसका जवाब भी देगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया